Bharat Express DD Free Dish

संभल में हैवानियत: 60 साल की बुजुर्ग महिला से गैंगरेप, भट्टा मालिक के बेटे पर दरिंदगी करने का आरोप; अब मिल रही है समझौते की धमकी

उत्तर प्रदेश के संभल जिले के चंदौसी कोतवाली क्षेत्र में एक ईंट भट्टे पर काम करने वाली 60 साल की बुजुर्ग महिला के साथ गैंगरेप की वारदात हुई है. आरोप है कि भट्टा मालिक के बेटे ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर पति को धोखे से बाहर भेजा और इस घिनौने कृत्य को अंजाम दिया.

Sambhal, Gangrape News, Sambhal Gangrape Case

Sambhal Gangrape Case: उत्तर प्रदेश के संभल जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है. यहां एक ईंट भट्टे पर काम करने वाली 60 साल की बुजुर्ग महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की सनसनीखेज घटना को अंजाम दिया गया है. आरोप किसी और पर नहीं, बल्कि ईंट भट्टा मालिक के बेटे और उसके दो दोस्तों पर लगा है. इस हैवानियत की खबर जैसे ही इलाके में फैली, हर तरफ हड़कंप मच गया और लोगों में भारी गुस्सा है. पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है.

साजिश रचकर वारदात को दिया अंजाम

यह पूरी घटना संभल जिले के चंदौसी कोतवाली थाना क्षेत्र की है. पीड़ित बुजुर्ग महिला और उसका पति लंबे समय से एक ईंट भट्टे पर मजदूरी और चौकीदारी का काम करते हैं. पीड़िता के पति ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है.

पति का आरोप है कि घटना वाले दिन आरोपियों ने सोची-समझी साजिश के तहत उसे बहला-फुसलाकर शराब लेने के लिए बाहर भेज दिया. जब वह भट्टे से दूर चला गया और बुजुर्ग महिला वहां अकेली रह गई, तो मौके का फायदा उठाकर भट्टा मालिक के बेटे विकास ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया.

अब मिल रही है समझौते की धमकी

जब बुजुर्ग महिला का पति वापस लौटा, तब उसे इस खौफनाक वारदात का पता चला. पीड़िता की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उसे तुरंत इलाज की जरूरत थी. पीड़ित पति ने बताया कि वारदात के बाद से ही आरोपी पक्ष उन पर लगातार पुलिस में न जाने और मामले को रफा-दफा करने (फैसले) का दबाव बना रहा है. उन्हें धमकियां भी दी जा रही हैं. लेकिन डरे बिना पीड़ित परिवार ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया और न्याय की गुहार लगाई.

ये भी पढ़ें- प्रतापगढ़ में ‘प्रेस’ कार्ड देख भड़का गार्ड, पत्रकार को लहूलुहान कर गेट में किया बंद; जानें क्या है मेडिकल कॉलेज का यह मामला?

पुलिस का क्या कहना है?

इस पूरे मामले पर संभल के एडिशनल एसपी (ASP) कुलदीप कुमार सिंह ने बताया कि चंदौसी कोतवाली इलाके से पुलिस को महिला के साथ दरिंदगी होने की सूचना मिली थी. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने बिना कोई वक्त गंवाए त्वरित कार्रवाई की.

पीड़िता की गंभीर हालत को देखते हुए उसे तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया जा रहा है. एएसपी ने साफ किया कि पीड़ित पति की तहरीर के आधार पर गंभीर और सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और बहुत जल्द ही मुख्य आरोपी विकास समेत तीनों गुनहगारों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read