Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

शामली में खूनी संघर्ष: दुकान के बाहर सामान रखने पर भिड़े पाइप और ड्रम व्यापारी, आरी से किया हमला

शामली के वी.वी. इंटर कॉलेज रोड पर शनिवार सुबह दो व्यापारियों के बीच जमकर मारपीट हुई. धारदार हथियार से एक व्यक्ति घायल हो गया है. पुलिस वीडियो के आधार पर जांच कर रही है.

Shamli Traders Fight over small dispute video gone viral

उत्तर प्रदेश के शामली जनपद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां महज दुकान के बाहर सामान रखने जैसी छोटी सी बात पर दो व्यापारी इस कदर उलझे कि बाजार रणक्षेत्र में तब्दील हो गया. शनिवार की सुबह सदर कोतवाली क्षेत्र के वी.वी. इंटर कॉलेज रोड पर हुई इस हिंसक झड़प ने इलाके में हड़कंप मचा दिया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे और धारदार हथियार निकल आए. इस खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है.

मामूली कहासुनी से शुरू हुआ बवाल

जानकारी के मुताबिक, वी.वी. इंटर कॉलेज रोड पर एक पाइप व्यापारी और एक ड्रम व्यापारी की दुकानें आमने-सामने स्थित हैं. शनिवार सुबह जब बाजार खुल रहा था, तभी दुकान के बाहर सामान रखने की जगह को लेकर दोनों पक्षों के बीच तू-तू मैं-मैं शुरू हो गई. पहले तो लगा कि मामला बातचीत से सुलझ जाएगा, लेकिन देखते ही देखते दोनों ओर से लोग इकट्ठा हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को भद्दी-भद्दी गालियां देनी शुरू कर दीं, जिसने आग में घी डालने का काम किया.

वायरल हुआ दहशत का वीडियो

इस पूरी घटना का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे दोनों पक्षों के युवक कानून को हाथ में लेने पर आमादा हैं. वायरल क्लिप में एक युवक दूसरे पक्ष पर डंडा फेंककर हमला करता दिख रहा है, तो वहीं दूसरा युवक हाथ में आरी (धारदार औजार) लेकर हमला करने के लिए दौड़ता नजर आ रहा है. इसी बीच आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के व्यक्ति की गर्दन पर धारदार हथियार से वार कर दिया. हमले में घायल व्यक्ति लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई.

दोनों पक्ष पहुंचे थाने

वारदात के तुरंत बाद घायल को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है. वहीं दूसरी ओर, दोनों पक्षों के लोग कोतवाली पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है. पुलिस ने वायरल वीडियो और लिखित शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और वीडियो के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है. बाजार में इस तरह की सरेआम गुंडागर्दी ने स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों के बीच दहशत पैदा कर दी है.

ये भी पढ़ें: मेरठ में ईद पर खूनी संघर्ष: ग्राम प्रधान के दो भाइयों की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital