Bharat Express DD Free Dish

कासगंज में भीषण सड़क हादसा: यूपी और राजस्थान रोडवेज की बसों में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत, 2 की मौत

उत्तर प्रदेश के कासगंज में मथुरा-बरेली हाईवे पर शनिवार सुबह यूपी और राजस्थान रोडवेज की बसों में आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई. सोरों थाना क्षेत्र में कलेक्ट्रेट के पास हुए इस हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 36 यात्री घायल हुए हैं.

Kasganj Bus Accident Two Dead 36 Injured On Mathura Bareilly Highway

Kasganj Bus Accident: जुम्मन कुरैशी/कासगंज: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले से शनिवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाले सड़क हादसे की खबर सामने आई है. यहां सोरों थाना क्षेत्र के अंतर्गत मथुरा-बरेली हाईवे पर कलेक्ट्रेट के पास यूपी रोडवेज और राजस्थान परिवहन निगम की दो बसें आपस में आमने-सामने टकरा गईं. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बसों के परखच्चे उड़ गए और अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. इस हादसे में दो यात्रियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 36 से ज्यादा सवारी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं.

सीटों से उछलकर दूर जा गिरे यात्री

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शनिवार सुबह दोनों बसें तेज रफ्तार में अपने गंतव्य की ओर बढ़ रही थीं. जैसे ही वे कलेक्ट्रेट के पास पहुंचीं, तभी दोनों के बीच सीधी टक्कर हो गई. भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि बसों के अंदर बैठे यात्री अपनी सीटों से उछलकर आगे जा गिरे.

कई मुसाफिर तो लोहे की सीटों और केबिन के बीच ही बुरी तरह फंस गए. हाईवे पर चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी. ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया.

अस्पताल पहुंचे डीएम-एसपी

हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे. उन्होंने डॉक्टरों की टीम को घायलों के त्वरित और बेहतर इलाज के सख्त निर्देश दिए. जिला अस्पताल में अचानक बड़ी संख्या में मरीजों के आने से अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद गंभीर रूप से जख्मी कई यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिवारों को सूचित किया जा रहा है.

डीएम प्रणय सिंह ने बताया कि घायलों की मदद हमारी पहली प्राथमिकता है. इसके साथ ही हादसे के असली कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए गए हैं. दुर्घटना के बाद मथुरा-बरेली हाईवे पर लंबा जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बसों को हटवाकर खुलवाया.

ये भी पढ़ें: यूपी में कुदरत का खूनी तांडव! कासगंज में आंधी-तूफान के बीच भरभराकर गिरा लेंटर, सो रहा पूरा परिवार जिंदा दफन

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read