Bharat Express DD Free Dish

क्राइम पेट्रोल देखकर रची खौफनाक साजिश: पत्नी ने पति के साथ ऐसा क्या किया कि लोग भी देख रह गए दंग

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक पत्नी ने टीवी शो ‘क्राइम पेट्रोल’ देखकर अपने पति को मारने की खौफनाक साजिश रच डाली. महिला ने पहले तो पति के सिर पर डंडे से वार किया, फिर उसे चारपाई से बांधकर बिजली के तारों से करंट के झटके दिए.

Uttar Pradesh, Fatehpur, Crime

UP News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए. यहां एक पत्नी ने टीवी पर क्राइम पेट्रोल शो देखकर अपने ही पति को मौत के घाट उतारने की खौफनाक साजिश रच डाली. महिला ने रात के अंधेरे में अपने पति को चारपाई से बांधा, डंडे से उसका सिर फोड़ा और फिर हाथ-पैर बांधकर बिजली के तारों से करंट के झटके दिए. इस जानलेवा हमले में शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे कानपुर रेफर किया गया है.

कैटरिंग का काम कर लौटा था पति

दिल दहला देने वाली यह वारदात फतेहपुर के औंग थाना क्षेत्र के परसदेपुर गांव की है. पीड़ित संजीव तिवारी कैटरिंग का काम करते हैं. रोज की तरह जब वह रात को काम खत्म करके घर लौटे, तो किसी बात को लेकर उनका पत्नी रन्नो से विवाद हो गया. दोनों के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि रन्नो ने आपा खो दिया. उसने संजीव के सिर पर डंडे से जोरदार हमला कर दिया.

संजीव जैसे ही बेहोश होकर गिरे रन्नो ने उन्हें रस्सियों की मदद से चारपाई पर जकड़ दिया. इसके बाद उसने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए संजीव के अंगूठे में बिजली का तार बांधा और करंट देने लगी.

चीख-पुकार सुनकर दौड़े पड़ोसी

संजीव की दर्द से तड़पती चीखें जब घर से बाहर आईं तो आस-पास के पड़ोसियों को अनहोनी का शक हुआ. लोग तुरंत भागकर संजीव के घर पहुंचे लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था. जब पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. संजीव लहूलुहान हालत में चारपाई पर बंधे हुए थे और तड़प रहे थे. इस पूरी घटना के कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी.

ये भी पढ़ें- UP Governor का बेबाक बयान- ‘पढ़ाई के दौरान प्रेग्नेंट हो जाती हैं लड़कियां, प्रेम करें लेकिन शादी आत्मनिर्भर होकर ही करें’

पुलिस ने आरोपी पत्नी को दबोचा

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने संजीव को तुरंत अस्पताल भिजवाया और आरोपी पत्नी रन्नो को हिरासत में ले लिया. फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित के भाई की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस की शुरुआती पूछताछ में जो खुलासा हुआ उसने सबको चौंका दिया.

पता चला है कि रन्नो और संजीव के बीच अक्सर झगड़े होते थे. रन्नो ने टीवी सीरियल क्राइम पेट्रोल देखकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया था. वह अपने पति को मारना चाहती थी और इसे एक करंट लगने का हादसा दिखाना चाहती थी ताकि वह कानून की नजरों से बच सके. फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read