कांवड़ यात्रा मार्ग पर क्यूआरटी गश्त की संख्या बढ़ी, ताकि महिला श्रद्धालुओं को न हो कोई परेशानी
अनुज कुमार, संवाददाता भारत एक्सप्रेस
Women Safety In UP: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने सावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अभूतपूर्व कदम उठाए हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर यात्रा मार्ग पर 10,000 से अधिक महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जो अब तक की सबसे बड़ी संख्या है.
संवाददाता ने बताया कि कांवड़ यात्रा की ड्यूटी में शामिल महिला पुलिसकर्मियों में 8,541 महिला मुख्य आरक्षी और 1,486 महिला उपनिरीक्षक शामिल हैं. कुल 66,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती में महिला पुलिसकर्मियों की हिस्सेदारी लगभग 15 प्रतिशत है. यह व्यवस्था महिला श्रद्धालुओं को सुरक्षित और निडर माहौल प्रदान करने के लिए की गई है.
महिला हेल्प डेस्क और शक्ति बूथ की स्थापना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों को महिला-केंद्रित सुरक्षा मॉडल लागू करने के निर्देश दिए थे. इसके तहत 150 से अधिक महिला हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं, जहां महिला पुलिसकर्मी 24×7 सहायता और परामर्श प्रदान करेंगी. कई जिलों में महिला स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से शक्ति हेल्प बूथ भी बनाए गए हैं. ये बूथ महिला श्रद्धालुओं को त्वरित सहायता और संवेदनशील मामलों में मार्गदर्शन प्रदान करेंगे.

क्विक रिस्पॉन्स टीम में भी महिला पुलिसकर्मी
योगी सरकार ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) की गश्त को बढ़ाने और प्रत्येक क्यूआरटी में महिला पुलिसकर्मियों की उपस्थिति को अनिवार्य किया है. विशेष रूप से रात के समय यह व्यवस्था सुनिश्चित की गई है ताकि महिला श्रद्धालुओं को किसी भी समय तुरंत सहायता मिल सके. मेरठ जोन में सबसे अधिक 3,200 महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जो मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, हापुड़ और गाजियाबाद में महिला श्रद्धालुओं की मदद के लिए तैनात हैं.

डिजिटल निगरानी से सुरक्षा और सुदृढ़ की गई
प्रदेश में 11 जोन में विशेष कंट्रोल रूम बनाए गए हैं, जिनमें 24×7 हेल्पलाइन नंबरों की निगरानी भी महिला पुलिसकर्मियों द्वारा की जा रही है. ड्रोन निगरानी, सीसीटीवी और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग जैसे डिजिटल उपायों से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है. इन उपायों से न केवल महिला श्रद्धालुओं को आत्मविश्वास मिलेगा, बल्कि यात्रा के दौरान सुरक्षा का माहौल भी सुनिश्चित होगा.

महिलाओं के लिए सुरक्षित यात्रा का संदेश दिया
योगी सरकार की यह पहल न केवल कांवड़ यात्रा को सुरक्षित बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है, बल्कि यह महिलाओं के निडर होकर यात्रा करने की भावना को भी दर्शाता है. अनुमानित 60-70 लाख महिला श्रद्धालुओं की भागीदारी के साथ, यह व्यवस्था उत्तर प्रदेश में महिला सशक्तीकरण और सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है.
यह भी पढ़िए: यूपी में यूं उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, भक्तिमय हुआ वातावरण
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


