Ahmedabad Plane Crash
Ahmedabad plane crash: गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को हुए भीषण विमान हादसे ने पूरे विश्व को हिला कर रख दिया है. एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 टेक-ऑफ के कुछ ही मिनटों बाद क्रैश हो गई. जिसमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी सहित 241 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. कई अन्य यात्री अब भी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं.
यह फ्लाइट अहमदाबाद से लंदन जा रही थी और दोपहर 1:38 बजे रवाना हुई थी. मात्र दो मिनट बाद, 1:40 बजे, विमान शहर के मेघाणी नगर इलाके में स्थित सिविल अस्पताल के पास एक रिहायशी इमारत से टकरा गया. हादसे के समय विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 230 यात्री और 12 क्रू सदस्य शामिल थे. मरने वालों में कई ब्रिटिश नागरिक भी बताए जा रहे हैं. इस भीषण त्रासदी को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संवेदनाएं जताई जा रही हैं. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने भी इस दुखद घटना पर प्रतिक्रिया दी है.
पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ ने व्यक्त की संवेदना
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक पोस्ट के माध्यम से हादसे को बेहद दुखद बताते हुए कहा, “आज अहमदाबाद के निकट एअर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से दुखी हूं. हम इस भारी क्षति से पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं. हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं इस हृदय विदारक त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं”
पूर्व पाकिस्तानी पीएम नवाज शरीफ ने भी जताया शोक
इसी तरह, पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने भी अपने संदेश में भारत के प्रति सहानुभूति जताई. उन्होंने लिखा, “अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना में अनमोल जिंदगियों की क्षति पर मेरी गहरी संवेदना. यह हृदयविदारक त्रासदी सीमाओं से परे है और हमें हमारी साझा मानवता की याद दिलाती है. प्रधानमंत्री मोदी और भारत के लोगों के प्रति मेरी गहन सहानुभूति है.”
ये भी पढ़ें- Ahmedabad Plane Crash: विमान हादसे में गुजरात के पूर्व CM विजय रूपाणी और MRM के प्रदेश संयोजक बदरुद्दीन हलानी का निधन
सरकार ने दिये हादसे के जांच के आदेश
भारत सरकार की ओर से इस हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं, जबकि राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है. घटनास्थल पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें तैनात हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया शोक
पूरे देश में इस हादसे को लेकर शोक की लहर दौड़ गई है. केंद्र सरकार ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की घोषणा की है और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था की जा रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस दुर्घटना पर गहरा शोक जताया और स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



