Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

मोदी सरकार द्वारा जापान भेजे गए ऑल पार्टी डेलिगेशन ने राजधानी टोक्यो में स्वतंत्रता सेनानी रासबिहारी बोस को दी श्रद्धांजलि

जापान के दौरे पर गए भारत के ऑल पार्टी संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने टोक्यो में स्वतंत्रता सेनानी रासबिहारी बोस को श्रद्धांजलि दी. प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय समुदाय से ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी साझा की.

All Party Delegation in Japan
Vijay Ram Edited by Vijay Ram

भारत के सभी बड़े राजनीतिक दलों के सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल इन दिनों जापान के दौरे पर है. इस दल का नेतृत्व जेडीयू (JDU) के सांसद संजय कुमार झा कर रहे हैं. शनिवार को इस प्रतिनिधिमंडल ने टोक्यो के टामा कब्रिस्तान में जाकर भारत के महान स्वतंत्रता सेनानी रासबिहारी बोस को उनकी जयंती की पूर्व संध्या पर श्रद्धांजलि दी.

जापान में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि यह दल पहले महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने गया और फिर रासबिहारी बोस को भी याद किया. दूतावास ने यह भी कहा कि भारत अपने वीर स्वतंत्रता सेनानियों से प्रेरणा लेते हुए आज आतंकवाद के खिलाफ मजबूती से खड़ा है और यह संकल्प दोहराता है कि हम आतंकवाद को न तो भूलेंगे और न ही माफ करेंगे.

भारतीय समुदाय से संवाद

सांसद संजय कुमार झा ने जापान में भारतीय दूतावास में वहां रहने वाले भारतीय लोगों से मुलाकात की. इस बातचीत में उन्होंने 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जिक्र किया और इसके जवाब में भारत द्वारा चलाए गए “ऑपरेशन सिंदूर” की जानकारी भी साझा की.

दूतावास ने कि कैसे पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में स्थित आतंकी ठिकानों को ऑपरेशन सिंदूर के तहत नष्ट किया गया. प्रतिनिधिमंडल ने साफ कहा कि भारत अब आतंकवाद को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगा. साथ ही यह संदेश दिया गया कि “आतंक और वार्ता साथ-साथ नहीं चल सकते, खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते.”

प्रतिनिधिमंडल ने जापान में रहने वाले भारतीय लोगों से अपील की कि वे आतंकवाद के खिलाफ भारत के इस सख्त संदेश को जापान के हर हिस्से में फैलाएं. उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में भारतीय समुदाय ने जिस तरह पहलगाम हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी, वह इस बात का सबूत है कि भारतीय लोग आतंकवाद को न तो भूलेंगे और न ही माफ करेंगे.

प्रतिनिधिमंडल में कौन-कौन शामिल हैं?

संजय कुमार झा के नेतृत्व में इस नौ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल हैं – भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी, बृजलाल, प्रधान बरूआ, हेमांग जोशी, तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी, सीपीआई (एम) के सांसद जॉन ब्रिटास, पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद और राजनयिक मोहन कुमार.

यह प्रतिनिधिमंडल इस समय जापान में है और इसके बाद पूर्वी एशिया के अन्य देशों का दौरा करेगा. इस यात्रा का उद्देश्य वैश्विक मंच पर आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति को मजबूती से प्रस्तुत करना है.

ये भी पढ़ें- तुर्की थिंक टैंक का ‘ग्रेटर बांग्लादेश’ नक्शा: भारत की संप्रभुता को खुली चुनौती, पूर्वोत्तर राज्यों पर दावा कर बढ़ी चिंता

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital