Bharat Express DD Free Dish

लैंडिंग के दौरान बेकाबू हुआ अमेजन का कार्गो प्लेन, गाड़ियों से टकराया विमान; 5 लोगों की मौत- VIDEO

Amazon cargo plane crash: अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अमेजन का बोइंग 767 कार्गो प्लेन लैंडिंग के दौरान रनवे से आगे निकलकर गाड़ियों से टकरा गया. हादसे में 5 लोगों की मौत हुई.

Amazon cargo plane florida crash

अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अमेजन के कार्गो प्लेन से हुआ हादसा

Amazon cargo plane florida accident: अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार को एक बड़े विमान हादसे ने अफरा-तफरी मचा दी. मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अमेजन प्राइम एयर का बोइंग 767 कार्गो विमान लैंडिंग के दौरान रनवे से आगे निकल गया. इसके बाद विमान एयरपोर्ट के आसपास मौजूद कई गाड़ियों से जा टकराया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि विमान में आग लग गई और देखते ही देखते आसमान में धुएं का गुबार उठने लगा.

हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है. मियामी-डेड काउंटी के फायर चीफ रे जडाल्लाह के मुताबिक, तीन लोगों को गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जबकि दो अन्य घायलों का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है.

गाड़ियों में फंसे लोगों को रेस्क्यू टीम ने निकाला

फायर चीफ ने बताया कि विमान की टक्कर के बाद कई लोग गाड़ियों के भीतर फंस गए थे. उन्हें बाहर निकालने के लिए तकनीकी रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाना पड़ा. बचाव दल को विमान के अंदर फंसे पायलट और को-पायलट की तलाश और उन्हें बाहर निकालने का काम भी करना पड़ा. हालांकि, अधिकारियों ने फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया है कि दोनों की स्थिति क्या है.

बताया गया कि यह बोइंग 767 विमान अमेजन प्राइम एयर के लिए उड़ान भर रहा था. विमान दोपहर करीब दो बजे प्यूर्टो रिको से मियामी पहुंचा था. लैंडिंग के दौरान हुई इस दुर्घटना के बाद एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए.

60 दमकल और रेस्क्यू वाहन मौके पर पहुंचे

हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंच गए. करीब 60 फायर और रेस्क्यू वाहन घटनास्थल पर भेजे गए. मियामी-डेड फायर रेस्क्यू के लगभग 200 कर्मचारी आग बुझाने के साथ-साथ राहत और बचाव अभियान में जुटे रहे.


ये भी पढ़ें: ‘कैसे भरभरा कर गिरी 5 मंजिला इमारत…’ दिल्ली के सत्य निकेतन हादसे का पहला खौफनाक VIDEO


हादसे के बाद एयरपोर्ट के सभी रनवे और टैक्सीवे बंद कर दिए गए. यात्रियों को सलाह दी गई कि एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से उड़ान की स्थिति जरूर जांच लें.

कैसे हुआ हादसा?

अधिकारियों के मुताबिक, हादसे की असली वजह अभी सामने नहीं आई है. इसकी जांच अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) करेंगे. अमेजन ने भी घटना पर बयान जारी कर कहा कि विमान को लैंड कराने की कोशिश के दौरान हादसा हुआ. कंपनी ने कहा कि वह स्थानीय और अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है और घटना की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read