Bharat Express DD Free Dish

ट्रंप ने फिर फोड़ा टैरिफ बम, ईरान से व्यापार करने वाले देशों पर 25% लगाया शुल्क

Donald Trump Iran Tariff: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ व्यापार करने वाले देशों पर 25% टैरिफ लगाने का ऐलान किया है. यह आदेश तुरंत लागू होगा और दुनियाभर के रिश्तों पर असर डाल सकता है.

Donald Trump Iran Tariff: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ बेहद सख्त कार्रवाई का ऐलान किया है. ट्रंप ने कहा है कि जो भी देश ईरान के साथ कारोबार करेगा, उसे अमेरिका के साथ किए जाने वाले सभी व्यापार पर 25 फीसदी टैरिफ देना होगा. यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा और इसमें किसी तरह की छूट नहीं दी जाएगी.

सोशल मीडिया पर किया ऐलान

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर पोस्ट कर इस फैसले की जानकारी दी. उन्होंने साफ कहा कि ईरान और उसके कारोबारी साझेदारों पर आर्थिक दबाव बढ़ाने के लिए यह कदम उठाया गया है. ट्रंप का दावा है कि कागजों पर यह आदेश फाइनल है और इसमें कोई बदलाव नहीं होगा.

दुनियाभर के रिश्तों पर असर

ट्रंप का यह फैसला ऐसे समय में आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच विरोध प्रदर्शनों को लेकर तनाव चरम पर है. माना जा रहा है कि इस टैरिफ से दुनियाभर में अमेरिका के रिश्ते प्रभावित हो सकते हैं क्योंकि ईरान के पार्टनर्स में भारत, तुर्की, चीन और संयुक्त अरब अमीरात जैसे बड़े देश भी शामिल हैं. हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं है कि टैरिफ को लागू करने की प्रक्रिया क्या होगी और किन देशों पर इसका सीधा असर पड़ेगा.

ईरान में विरोध प्रदर्शन

ईरान में पिछले दो हफ्तों से सरकार विरोधी प्रदर्शन जारी हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक अब तक करीब 600 लोगों की मौत हो चुकी है और 10,670 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है. अमेरिका और ट्रंप इन प्रदर्शनकारियों को समर्थन दे चुके हैं. ट्रंप ने कई बार चेतावनी दी है कि अगर प्रदर्शनकारियों पर हिंसा होती है तो अमेरिका उनकी मदद करेगा.

ये भी पढ़ें-INDIA-PAK के बीच इस साल भी होगी जंग! US थिंक टैंक का दावा- आतंकी गतिविधि बनेगी वजह, दोनों देशों ने हथियारों की खरीद बढ़ाई

व्हाइट हाउस का बयान

व्हाइट हाउस ने भी कहा है कि ट्रंप ईरान पर कार्रवाई करने के लिए सभी विकल्पों पर विचार कर रहे हैं, जिसमें एयरस्ट्राइक का विकल्प भी शामिल है. वहीं, ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई ने अमेरिका और इजरायल पर आरोप लगाया है कि वे इन प्रदर्शनों को भड़का रहे हैं. खामेनेई ने हाल ही में ट्रंप को चेतावनी देते हुए कहा था कि उन्हें पहले अपने देश को संभालना चाहिए.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read