अमेरिकी अरबपति एलन मस्क और डोनाल्ड ट्रंप
एलन मस्क (Elon Musk) ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के वरिष्ठ सलाहकार के रूप में अपनी भूमिका से हटने की घोषणा की है, जिससे सरकारी दक्षता विभाग (डीओजीई) के साथ विशेष सरकारी कर्मचारी के रूप में उनका कार्यकाल समाप्त हो जाएगा.
Elon Musk को बनाया गया था DOGE चीफ
टेस्ला और स्पेसएक्स के प्रमुख और अरबपति उद्यमी एलन मस्क को संघीय नौकरशाही को सुव्यवस्थित करने और बेकार सरकारी खर्च को कम करने के प्रयासों का नेतृत्व करने का काम सौंपा गया था. बुधवार को एक्स पर हुए मस्क ने अपनी बात रखी. उन्होंने सेवा का अवसर देने के लिए आभार जताया.
एलन मस्क ने खुद दी जानकारी
मस्क ने लिखा, “विशेष सरकारी कर्मचारी के रूप में मेरा निर्धारित कार्यकाल समाप्त हो रहा है, ऐसे में मैं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को सरकारी खर्च को कम करने के दिए गए अवसर के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं.” उन्होंने कहा, “डीओजीई मिशन समय के साथ और मजबूत होता जाएगा.”
मस्क की यह घोषणा ट्रंप के विधायी एजेंडे की आधारशिला की सार्वजनिक रूप से आलोचना करने के ठीक एक दिन बाद आई है. सीबीएस के साथ एक साक्षात्कार में टेस्ला के सीईओ मस्क ने ट्रंप की ओर से कहे गए “बड़े सुंदर विधेयक” पर निराशा व्यक्त की, जिसमें व्यापक कर कटौती के साथ-साथ कठोर आव्रजन प्रवर्तन का प्रावधान है.
इस्तीफे की क्या है वजह?
इस विधेयक को “बहुत बड़ा व्यय विधेयक” बताते हुए मस्क ने कहा कि यह उनके विभाग के लक्ष्यों के विपरीत है. उन्होंने कहा, “इससे संघीय घाटा बढ़ता है और डीओजीई का काम कमजोर होता है.” बिल की ब्रांडिंग पर कटाक्ष करते हुए मस्क ने कहा, “मुझे लगता है कि एक बिल बड़ा भी हो सकता है और सुंदर भी. लेकिन मुझे नहीं पता कि यह दोनों भी हो सकता है या नहीं.”
ट्रंप ने बुधवार को ओवल ऑफिस में पत्रकारों के साथ संक्षिप्त बातचीत के दौरान मस्क की आलोचना का जवाब दिया. विधेयक का बचाव करते हुए ट्रंप ने विधेयक पर बातचीत करने में आने वाली चुनौतियों को स्वीकार किया. उन्होंने कहा, “मैं इसके कुछ पहलुओं से खुश नहीं हूं, लेकिन मैं इसके अन्य पहलुओं से रोमांचित हूं.” उन्होंने सुझाव दिया कि विधेयक में अभी भी संशोधन हो सकते हैं. उन्होंने कहा, “हम देखेंगे कि क्या होता है. इसे अभी बहुत आगे जाना है.”
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



