Bharat Express DD Free Dish

रूसी राष्ट्रपति पुतिन को भारत में परोसी गई ऑल वेज थाली, मेनकोर्स में खिलाईं तंदूरी भरवां — केसर पुलाव और ये स्वादिष्ट मिठाइयां

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन के सम्मान में राष्ट्रपति भवन में शानदार भोज आयोजित किया. दाल तड़का, झोल मोमो, लच्छा पराठा जैसे भारतीय व्यंजनों ने सब मेहमानों को लुभाया. संगीत भी भारतीय-रशियन धुनों का मिश्रण था.

Indian savoury delights banquet for Putin

Putin India Visit: भारत की मेजबानी में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को यादगार विदाई देने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में शानदार भोज (Rashtrapati Bhavan Banquet) का आयोजन किया था. यह भोज पुतिन की दो दिवसीय भारत यात्रा का समापन था, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया.

राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को दिए गए विशेष भोज में भारतीय व्यंजनों का जबरदस्त प्रदर्शन हुआ, जो देश के विभिन्न क्षेत्रों की संस्कृति को दर्शाता है. दक्षिण भारतीय मुरुंगेलाई चारू सूप से शुरुआत हुई, फिर कश्मीरी गूची दून चटनी के साथ स्टफ्ड मोरेल्स और काले चने के शिकमपुरी कबाब जैसे स्टार्टर्स परोसे गए.

लच्छा पराठा समेत ये खास रेसिपीज भी

सब्जी झोल मोमो मसालेदार चटनी के साथ खास आकर्षण रहा. मुख्य कोर्स में जाफरानी पनीर रोल, पालक मेथी मटर का साग, तंदूरी भरवां आलू, अचार वाली बैंगन और येलो दाल तड़का शामिल थे. सूखे मेवे और केसर पुलाव को लच्छा पराठा, मगज नान, सतनाज रोटी, मिसी रोटी और बिस्कुइटी रोटी के साथ सर्व किया गया.

मिठाई में बादाम का हलवा, केसर-पिस्ता कुल्फी और ताजे फल थे, साथ ही गुड़ संदेश, मुरक्कू, अचार और सलाद. पेय में अनार, संतरा, गाजर और अदरक का जूस मिला. यह मेन्यू न सिर्फ स्वादिष्ट था, बल्कि स्वास्थ्यवर्धक भी.

भारतीय-रशियन संगीत का अनोखा संगम

भारतीय भोज (Indian Cuisine) के दौरान राष्ट्रपति भवन नेवल बैंड ने भारतीय शास्त्रीय संगीत और रशियन धुनों का मिश्रण पेश किया. अमृतवर्षिणी, खमाज, यमन, शिवरंजिनी, नलिनकांति, भैरवी और देश जैसे रागों के साथ रशियन गीत कलिंका और चैकोवस्की की नटक्रैकर सूट के अंश बजाए गए. हिंदी फिल्म का लोकप्रिय गाना ‘फिर भी दिल है हिंदुस्तानी’ ने माहौल को और जीवंत कर दिया. राष्ट्रपति मुर्मू ने स्वागत में कहा कि आज भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं. हम शांति, स्थिरता और साझा प्रगति के लिए प्रतिबद्ध हैं. 2025 हमारी साझेदारी के लिए सफल वर्ष रहा.

‘हमारी साझेदारी समानता और सम्मान पर टिकी’

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा, हमारी साझेदारी समानता और सम्मान पर टिकी है. राजनीति, सुरक्षा, अर्थव्यवस्था, ऊर्जा और शिक्षा में सहयोग बढ़ेगा. हम ‘साथ चलें, साथ बढ़ें’ के सिद्धांत पर काम करेंगे. उन्होंने संयुक्त राष्ट्र और ब्रिक्स के जरिए न्यायपूर्ण विश्व व्यवस्था बनाने की बात कही.

व्लादिमीर पुतिन की भारत यात्रा में दोनों देशों ने परिवहन गलियारों को मजबूत करने और 2030 तक आर्थिक साझेदारी नई ऊंचाइयों पर ले जाने का फैसला किया. पीएम मोदी ने रशियनों के लिए 30 दिनों का मुफ्त ई-टूरिस्ट वीजा और ग्रुप वीजा की घोषणा की. यह भोज भारत-रूस दोस्ती का प्रतीक बना.

ये भी पढ़िए: पीएम मोदी 24 घंटे में 3 बार पुतिन से मिले, कहा- रूस भारत का सबसे करीबी दोस्त; मीटिंग के बाद शेयर कीं ये तस्वीरें



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read