Bharat Express DD Free Dish

करीब डेढ़ साल बाद पीएम मोदी और ट्रंप होंगे आमने-सामने, AI और चीन पर हो सकती है बड़ी चर्चा

G7 Summit: पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप जून 2026 में फ्रांस में होने वाले G7 शिखर सम्मेलन में आमने-सामने मिल सकते हैं. करीब डेढ़ साल बाद होने वाली इस मुलाकात में एआई, व्यापार, रक्षा और चीन पर निर्भरता कम करने जैसे मुद्दों पर चर्चा की संभावना है.

G7 Summit: जून में फ्रांस में G7 शिखर सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है. 15 से 17 जून तक चलने वाले इस सम्मेलन में दुनिया की प्रमुख अर्थव्यावस्था के नेता जुटेंगे. फ्रांसीसी सरकार ने पुष्टि की है कि पीएम मोदी इसमें हिस्सा लेंगे. वहीं अमेरिका मीडिया की एक रिपोर्ट की माने तो ट्रंप भी इस बैठक में शामिल होंगे. ऐसे में दोनों नेताओं की आमने-सामने मुलाकात की संभावना बन रही है.

कितना साल बाद आमने-सामने होंगे दोनों नेता?

अगर पीएम मोदी और ट्रंप की मुलाकात होती है तो यह करीब डेढ़ साल बाद होगा जब दोनों नेता आमने-सामने बैठकर वैश्विक और द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे. पिछली बार फरवरी 2025 में वांशिंगटन डीसी में दोनों की मुलाकात हुई थी. उस समय पीएम मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत के बाद आधिकारिक दौरे पर गए थे. व्हाइट हाउस में हुई उस बैठक में क्षेत्रीय सुरक्षा, व्यापार समझौते और रणनीतिक साझेदारी जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई थी.

G7 एजेंडे में AI और चीन

कुछ रिपोर्ट्स की माने तो ट्रंप इस बार G7 बैठक में आर्टिफिशयल इंटेलिजेंस, वैश्विक व्यापार, अपराध नियंत्रण और चीन पर निर्भरता कम करने जैसे मुद्दों को प्राथमिकता देंगे. अमेरिकी प्रशासन चाहता है कि अमेरिकी तकनीक आधारित AI टुल्स को दुनिया भर में बढ़ावा मिले और क्रिटिकल मिनरल सप्लाई चेन में चीन की पकड़ कमजोर हो. इन विषयों पर भारत और अमेरिका के बीच अहम बातचीत हो सकती है क्योंकि भारत भी तकनीक और सप्लाई चेन के क्षेत्र में खुद को एक बड़े विकल्प के रूप में स्थापित करने की कोशिश कर रहा है.

भारत-फ्रांस की तैयारियां

प्रधानमंत्री मोदी के फ्रांस दौरे को लेकर भारत और फ्रांस के बीच तैयारियां तेज हो गई हैं. विदेश मंत्री एस जयशंकर हाल ही में फ्रांस गए थे और वहां के विदेश मंत्री जीन नोएल बैरोट से मुलाकात की. दोनों नेताओं ने G7 सम्मेलन के एजेंडे और भारत की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की.

ये भी पढ़ें-7 साल बाद जिनपिंग भारत आएंगे? BRICS में मोदी-पुतिन से मुलाकात, ट्रंप टैरिफ पर बनेगा प्लान?

राजनीतिक और कूटनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि अगर पीएम मोदी और ट्रंप के बीच अलग से द्विपक्षीय बैठक होती है तो उसमें व्यापार, रक्षा, तकनीक, इंडो-पैसिफिक रणनीति और ऊर्जा सुरक्षा जैसे मुद्दे प्रमुख रह सकते हैं. G7 सम्मेलन इस लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है क्योंकि यहां दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के नेता वैश्विक चुनौतियों पर साझा रणनीति बनाने की कोशिश करेंगे.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Latest