PM Modi in Japan: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को जापान की धरती पर उतरे तो उनका स्वागत पूरे गर्मजोशी भरे अंदाज़ में हुआ. टोक्यो एयरपोर्ट पर खुद जापान के प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा मौजूद रहे. खास बात यह रही कि इशिबा ने मोदी के ट्वीट का जवाब हिंदी में दिया. उन्होंने लिखा ‘आपके साथ चर्चा करने के लिए उत्सुक हूं.’ यह छोटा सा संदेश दोनों देशों की गहरी होती साझेदारी का प्रतीक माना जा रहा है.
मोदी ने जापान पहुंचने के तुरंत बाद जापानी भाषा में ट्वीट कर कहा कि वे इस दौरे को भारत-जापान रिश्तों को और मजबूत करने और नए सहयोग के रास्ते खोजने के अवसर के रूप में देखते हैं.
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का जापान में हार्दिक स्वागत है। विभिन्न क्षेत्रों में जापान-भारत संबंधों को और पुख़्ता करने हेतु आपके साथ चर्चा करने के लिए उत्सुक हूँ 🙏 https://t.co/SkdXwBoZE2
— 石破茂 (@shigeruishiba) August 29, 2025
शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी और जापानी प्रधानमंत्री इशिबा ने इंडिया-जापान इकोनॉमिक फोरम को संबोधित किया. इस दौरान मोदी ने जापान को भारत के विकास सफर का ‘महत्वपूर्ण साझेदार’ बताते हुए कहा ‘मेट्रो रेल से लेकर मैन्युफैक्चरिंग तक, सेमीकंडक्टर से लेकर स्टार्टअप्स तक जापानी कंपनियों ने भारत में 40 अरब डॉलर से ज्यादा का निवेश किया है. वहीं उन्होंने आगे कहा कि जापान तकनीकी महाशक्ति है और भारत प्रतिभा की महाशक्ति. दोनों एक साथ मिलकर भविष्य की नई संभावनाएं गढ़ रहे हैं.’
7 साल बाद पीएम मोदी का दौरा
यह दौरा कई मायनों में खास है. प्रधानमंत्री मोदी लगभग सात साल बाद जापान की अकेली (स्टैंडअलोन) यात्रा पर हैं. दो दिन का यह दौरा दोनों देशों के बीच ‘स्पेशल स्ट्रैटेजिक एंड ग्लोबल पार्टनरशिप’ को नई दिशा देने पर केंद्रित है.
भारत और जापान पिछले कुछ वर्षों में न केवल आर्थिक मोर्चे पर बल्कि रणनीतिक और तकनीकी सहयोग में भी तेजी से आगे बढ़े हैं. बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट से लेकर स्मार्ट सिटी मिशन और रक्षा सहयोग तक जापान की भागीदारी भारत की विकास गाथा का अहम हिस्सा बन चुकी है.
विशेषज्ञ मानते हैं कि इस यात्रा से दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा और तकनीक के क्षेत्र में और गहरे सहयोग की नींव रखी जाएगी. खासकर ऐसे वक्त में जब वैश्विक राजनीति में एशिया की भूमिका लगातार बढ़ रही है, भारत और जापान की साझेदारी इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में संतुलन और स्थिरता के लिए अहम साबित हो सकती है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




