Mexico City Sinking
Mexico City Sinking: दुनिया के सबसे बड़े शहरों में से एक मैक्सिको सिटी के वजूद पर खतरा मंडराने लगा है. यह शहर धीरे-धीरे जमीन के अंदर समाते जा रहा है. इसकी पुष्टि नासा और इसरो के संयुक्त सैटेलाइट मिशन निशार के ताजा आंकड़ों से हुई है. जिसके मुताबिक यह शहर बड़ी तेजी के साथ जमीन के अंदर धंसते जा रहा है.
उपग्रह से प्राप्त डेटा का विश्लेषण कर वैज्ञानिकों ने बताया कि यह शहर हर महीने दो सेंटीमीटर से भी अधिक तेजी के साथ नीचे जा रहा है. अगर ऐसी हालत रही तो अगले 10 सालों में यह शहर 2 मीटर से भी ज्यादा जमीन के अंदर समा जाएगा.
क्यों हो रहा ऐसा?
दरअसल मैक्सिको सिटी के जमीन के अंदर धंसने का कारण इसका भूगोल है. यह शहर पहले झीलों का हिस्सा हुआ करता था और इसकी बसावट झील की तलहटी पर की गई थी. समय के साथ जब भूमिगत पानी कम होने लगा, तो झील की पुरानी चिकनी मिट्टी सूखकर सिकुड़ने लगी, जिससे पूरी आबादी धीरे-धीरे जमीन में धंसती जा रही है.
उपग्रह निसार के ये आंकड़े सिर्फ मैक्सिको सिटी ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के उन शहरों के लिए चेतावनी है, जो भूजल के अंधाधुंध इस्तेमाल पर निर्भर हैं. इससे जमीन के अंदर खाली जगह बनने की वजह से शहर के धंसने का खतरा बढ़ता जा रहा है.
इमारतों पर पड़ रहा गंभीर असर
मैक्सिको सिटी के धंसने का सबसे बड़ा सबूत वहां का मशहूर एंजेल ऑफ इंडिपेंडेंस स्मारक है. साल 1910 में जब इसे बनाया गया था, तब यह जमीन के बराबर था. लेकिन जैसे-जैसे इसके आसपास की जमीन धंसती गई यह स्मारक ऊपर की तरफ उठता हुआ दिखने लगा. समय के साथ प्रशासन को यहां पर पहुंचने के लिए 14 सीढ़ियां तक जोड़नी पड़ गई, ताकि लोग इसे छू सकें. आज यह 30 मीटर से भी ऊंचा खड़ा है, जो शहर के जमीन में समाने का जीता-जागता प्रमाण है.
ये देश भी खतरे में…
सिर्फ मैक्सिको सिटी ही नहीं दुनिया के कई देशों के शहर जमीन में धंस रहे हैं. दुनिया के कई देश और शहर तेजी से जलवायु परिवर्तन और भूगर्भीय बदलावों के कारण संकट की चपेट में आ रहे हैं. जकार्ता को दुनिया का सबसे तेजी से धंसने वाला शहर माना जा रहा है, जहां जमीन का स्तर लगातार नीचे जा रहा है. वहीं मालदीव दुनिया का सबसे निचला देश है, जिस पर 2100 तक पूरी तरह समुद्र में डूबने का खतरा मंडरा रहा है.
ये भी पढ़ें- 100 सुनार की एक लोहार की! यूरोपीय यूनियन ने ट्रंप को दिया अल्टीमेटम- जो करना है कर लो, हम नहीं झुकेंगे
बांग्लादेश के तटीय इलाकों का बड़ा हिस्सा समुद्र में समाने की कगार पर है, जबकि प्रशांत महासागर का द्वीप राष्ट्र किरिबाती धीरे-धीरे अस्तित्व खोता जा रहा है. यूरोप में वेनिस शहर लगातार समुद्र में समाता जा रहा है. इसके अलावा मिस्र के नील डेल्टा और अलेक्जेंड्रिया जैसे इलाके भी डूबने के खतरे में हैं. वहीं फिजी में समुद्र स्तर बढ़ने से तटीय क्षेत्रों पर गंभीर असर पड़ रहा है.
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले वर्षों में यह संकट और गहरा सकता है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


