Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

पहले कश्मीर को बताया पाकिस्तान, अब भारत से मांग रहा माफी, जानें माफीनामे में नेपाल एयरलाइंस ने क्या कहा?

नेपाल एयरलाइंस ने अपने नेटवर्क मैप में जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा दिखाने की बड़ी गलती के लिए माफी मांगी है. सोशल मीडिया पर भारी विरोध के बाद एयरलाइन ने विवादित पोस्ट हटा ली और इसे एक गंभीर मानवीय त्रुटि करार दिया.

Nepal Airlines Apologizes for Showing Jammu-Kashmir as Part of Pakistan in Map

पड़ोसी देश नेपाल की राष्ट्रीय एयरलाइन ‘नेपाल एयरलाइंस’ इन दिनों एक बड़ी तकनीकी और कूटनीतिक गलती के कारण सुर्खियों में है. एयरलाइन ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक ऐसा नक्शा साझा कर दिया, जिसने भारत के लोगों और अंतरराष्ट्रीय जानकारों को हैरान कर दिया. इस विवादित नक्शे में जम्मू-कश्मीर को भारत से अलग पाकिस्तान के हिस्से के रूप में दिखाया गया था. मामला बिगड़ते देख एयरलाइन ने अब इस पर आधिकारिक सफाई देते हुए माफी मांग ली है.

एक पोस्ट और छिड़ गया विवाद

पूरा मामला बुधवार को शुरू हुआ जब नेपाल एयरलाइन ने अपना ‘नेटवर्क मैप’ (Network Map) सोशल मीडिया पर साझा किया. इस नक्शे का मकसद एयरलाइन की पहुंच और उड़ानों के रूट दिखाना था, लेकिन इसमें अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को गलत तरीके से दर्शाया गया. जैसे ही ये पोस्ट सार्वजनिक हुई, सोशल मीडिया पर भारतीय यूजर्स ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई. लोगों ने इसे तथ्यात्मक रूप से गलत और भारत की अखंडता का अपमान बताया.

गलती मान हटाया पोस्ट

विवाद बढ़ता देख नेपाल एयरलाइंस ने तुरंत एक्शन लिया और विवादित पोस्ट को अपने हैंडल से हटा दिया. एयरलाइन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर एक बयान जारी करते हुए कहा, “हम अपने सोशल मीडिया पर साझा किए गए नेटवर्क मैप में हुई गंभीर कार्टोग्राफिक (मानचित्रण) गलती के लिए ईमानदारी से माफी मांगते हैं”.

एयरलाइन ने ये भी स्पष्ट किया कि इस नक्शे में दिखाई गई सीमाएं नेपाल सरकार या एयरलाइन के आधिकारिक रुख को नहीं दर्शाती हैं. कंपनी ने माना कि ये एक मानवीय या तकनीकी त्रुटि थी और भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न हो, इसके लिए आंतरिक समीक्षा शुरू कर दी गई है.

पड़ोसी देशों के साथ रिश्तों की दुहाई

अपनी सफाई में नेपाल एयरलाइन ने भारत के साथ संबंधों की संवेदनशीलता का भी ध्यान रखा. बयान में कहा गया कि वे क्षेत्र के सभी पड़ोसी देशों के साथ मजबूत और मधुर संबंधों को बहुत महत्व देते हैं. एयरलाइन ने खेद जताते हुए कहा कि अगर इस घटना से किसी की भावनाओं को ठेस पहुंची है, तो वे इसके लिए क्षमाप्रार्थी हैं.

ये भी पढ़ें: सिवान में खूनी खेल से इलाके में दहशत, मामूली सड़क विवाद ने ली बीजेपी नेता के भतीजे की जान

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital