Bharat Express DD Free Dish

दुनिया ने परमाणु हथियारों पर उड़ा दिए अरबों डॉलर, भारत-चीन ने कितने जोड़े हथियार?

Nuclear weapons spending: दुनिया के नौ परमाणु संपन्न देशों ने साल 2025 में हथियारों के रखरखाव और आधुनिकीकरण पर 119 अरब डॉलर खर्च किए. रिपोर्ट में बताया गया कि भारत और चीन ने नए हथियार जोड़े, जबकि अमेरिका ने सबसे ज्यादा खर्च किया.

Nuclear weapons spending: एक गैर-लाभकारी संस्था की रिपोर्ट में सामने आया है कि दुनिया के नौ देशों ने साल 2025 में परमाणु हथियारों के रखरखाव और आधुनिकीकरण पर कुल 119 अरब डॉलर खर्च किए. इसमें भारत और चीन जैसे देश भी शामिल हैं, जिन्होंने नए परमाणु हथियार विकसित किए. पिछले एक साल में चीन ने 20 और भारत ने 10 नए हथियार अपने शस्त्रागार में जोड़े.

किस देश ने कितना खर्च किया?

इंटरनेशनल कैंपेन टू एबॉलिश न्यूक्लियर वेपन्स (ICAN) के मुताबिक भारत ने 2.8 अरब डॉलर, पाकिस्तान ने 1.5 अरब डॉलर, चीन ने 13.5 अरब डॉलर और अमेरिका ने सबसे ज्यादा 69.2 अरब डॉलर परमाणु हथियारों पर खर्च किए. वहीं उत्तर कोरिया ने 656 मिलियन डॉलर का बजट रखा.

सबसे आगे कौन?

रिपोर्ट बताती है कि अमेरिका ने एक साल में परमाणु हथियारों के बजट में 22 प्रतिशत की बढ़ोतरी की. ब्रिटेन ने 17 प्रतिशत और चीन ने 7 प्रतिशत खर्च बढ़ाया. रूस ने 6 प्रतिशत की वृद्धि की और 9 अरब डॉलर खर्च किए. दक्षिण एशिया में भारत ने 12 प्रतिशत और पाकिस्तान ने 18 प्रतिशत खर्च बढ़ाया. इजराइल ने 2 और फ्रांस ने 8 प्रतिशत की बढ़ोतरी की.

TPNW पर हस्ताक्षर

जहां बड़े देश परमाणु हथियारों पर अरबों डॉलर खर्च कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर 99 देशों ने परमाणु हथियारों के निषेध की संधि (TPNW) पर हस्ताक्षर किए हैं. इन देशों का कहना है कि दुनिया से परमाणु खतरे को खत्म करना बेहद जरूरी है.

ये भी पढ़ें-मिडिल ईस्ट में मचे घमासान के बीच पीएम मोदी का कुवैत को बड़ा भरोसा! फोन पर हुई रणनीतिक चर्चा

कितने हैं परमाणु हथियार?

स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस इंस्टीट्यूट (SIPRI) के अनुसार जनवरी 2026 तक दुनिया के पास 12,187 परमाणु हथियार थे. इनमें से 9,745 सैन्य भंडारों में रखे गए हैं और 4,012 मिसाइलों व विमानों के साथ तैनात हैं. रूस के पास सबसे ज्यादा 5,500 हथियार हैं, अमेरिका के पास करीब 5,300, चीन के पास 620, भारत के पास 190 और पाकिस्तान के पास 170 परमाणु हथियार मौजूद हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read