Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

Kuwait में PM Modi ने 101 वर्षीय पूर्व IFS अधिकारी से की मुलाकात, प्रवासी भारतीयों ने गर्मजोशी से किया स्वागत

पीएम मोदी कुवैती अमीर शेख मेशाल अल-अहमद अल-जबर अल-सबाह के निमंत्रण पर यह यात्रा कर रहे हैं. कुवैत की यात्रा करने वाली आखिरी भारतीय प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी थीं, जिन्होंने 1981 में यह यात्रा की थी.

कुवैत पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भव्य स्वागत किया गया.

PM Modi embarks on two-day visit to Kuwait: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार दोपहर कुवैत पहुंचे. वह 43 साल में इस खाड़ी देश की यात्रा करने वाले पहले भारतीय पीएम बन गए. उनका कुवैत पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया. पीएम मोदी कुवैत राज्य के अमीर शेख मेशल अल-अहमद अल-जबर अल-सबाह के निमंत्रण पर अपनी ऐतिहासिक दो दिवसीय यात्रा पर यहां पहुंचे हैं. उम्मीद है कि यह यात्रा खाड़ी देशों के साथ भारत के करीबी रिश्तों को एक नए स्तर पर ले जाएगी.

101 वर्षीय पूर्व भारतीय अधिकारी ​से मिले

अपनी यात्रा के दौरान मोदी ने 101 वर्षीय पूर्व भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) अधिकारी मंगल सेन हांडा से मुलाकात की और कुवैत सिटी के एक होटल में भारतीय समुदाय के सदस्यों से बातचीत की.

उनके बेटे दिलीप हांडा ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, ‘यह जीवन भर का अनुभव है. पीएम मोदी ने कहा कि वह विशेष रूप से उनसे (उनके पिता) मिलने के लिए यहां आए हैं. हम प्रधानमंत्री मोदी के आभारी हैं.’

अरबी में रामायण और महाभारत


मालूम हो कि कि कुवैत में रामायण और महाभारत अरबी भाषा में प्रकाशित हुए हैं. पुस्तक के प्रकाशक अब्दुल्लातफ अल नेडेफ और अरबी भाषा में रामायण और महाभारत के अनुवादक अब्दुल्ला बैरन ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की. पुस्तक के प्रकाशक नेडेफ ने कहा, ‘मैं बहुत खुश हूं, यह मेरे लिए सम्मान की बात है. पीएम मोदी इससे बहुत खुश हैं. ये पुस्तकें बहुत महत्वपूर्ण हैं. उन्होंने (प्रधानमंत्री मोदी ने) दोनों पुस्तकों पर हस्ताक्षर किए.’

भारतीय प्रवासी कलाकारों की प्रस्तुति

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी भारतीय प्रवासी कलाकारों की प्रस्तुति देखी, जिसे कलाकारों ने गर्व का क्षण बताया. अपनी खुशी जाहिर करते हुए प्रदर्शन करने वाले समूह के एक सदस्य ने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमारी प्रस्तुति देखी. यह बहुत गर्व का क्षण है. यह हमारे लिए एक बड़ी उपलब्धि है. अपनी पूरी टीम की ओर से हम प्रधानमंत्री मोदी के आभारी हैं. उन्होंने हमसे हमारे नाम पूछे. हम बहुत खुश हैं.’

कुवैत पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘कुवैत पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया. यह 43 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा है और इससे निस्संदेह विभिन्न क्षेत्रों में भारत-कुवैत मित्रता मजबूत होगी. मैं आज और कल के लिए निर्धारित कार्यक्रमों की प्रतीक्षा कर रहा हूं.’

गार्ड ऑफ ऑनर

पीएम मोदी को बयान पैलेस में औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा, फिर वह कुवैत के अमीर और कुवैत के क्राउन प्रिंस के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे. इसके बाद कुवैत के प्रधानमंत्री के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी, जिसमें द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण आयाम की समीक्षा की जाएगी. क्राउन प्रिंस भारतीय प्रधानमंत्री के सम्मान में एक भोज का आयोजन करेंगे.

पीएम मोदी एक सामुदायिक कार्यक्रम में भारतीय प्रवासियों से बातचीत करने के अलावा एक श्रमिक शिविर का भी दौरा करेंगे। वह कुवैत के अमीर के विशेष अतिथि के रूप में 26वें अरेबियन गल्फ कप के उद्घाटन समारोह में भी शामिल होंगे.

दो दिन की कुवैत यात्रा

इससे पहले शनिवार (21 दिसंबर) सुबह कुवैत की दो दिवसीय यात्रा पर रवाना होते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि भारत और खाड़ी देश पश्चिम एशियाई क्षेत्र की शांति, सुरक्षा और स्थिरता में साझा हित रखते हैं. पीएम मोदी की कुवैत यात्रा सीरिया में राष्ट्रपति बशर अल-असद के शासन के पतन और गाजा में इजरायल के जारी हमले के दो सप्ताह बाद हो रही है.

पीएम मोदी कुवैती अमीर शेख मेशाल अल-अहमद अल-जबर अल-सबाह के निमंत्रण पर यह यात्रा कर रहे हैं. कुवैत की यात्रा करने वाली आखिरी भारतीय प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी थीं, जिन्होंने 1981 में यह यात्रा की थी.

पीएम मोदी ने क्या कहा

कुवैत रवाना होने से पहले एक वक्तव्य में पीएम मोदी ने कहा था कि कुवैत के शीर्ष नेतृत्व के साथ उनकी बातचीत भारत और कुवैत के बीच भविष्य की साझेदारी के लिए रोडमैप तैयार करने का एक अवसर होगी. उन्होंने कहा, ‘हम कुवैत के साथ ऐतिहासिक संबंधों को बहुत महत्व देते हैं, जो पीढ़ियों से विकसित हुआ है. हम न केवल मजबूत व्यापार और ऊर्जा साझेदार हैं, बल्कि पश्चिम एशिया क्षेत्र में शांति, सुरक्षा, स्थिरता और समृद्धि में भी हमारी साझा रुचि है.’

पीएम मोदी ने कहा था कि वह कुवैत के अमीर, क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री के साथ अपनी बैठकों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘यह हमारे लोगों और क्षेत्र के लाभ के लिए भविष्य की साझेदारी के लिए रोडमैप तैयार करने का अवसर होगा. मैं कुवैत में भारतीय प्रवासियों से मिलने के लिए उत्सुक हूं, जिन्होंने दोनों देशों के बीच मैत्री के बंधन को मजबूत करने में बहुत योगदान दिया है.’

43 साल में किसी पीएम की पहली यात्रा


विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक पोस्ट में कहा, गहरे और पारंपरिक संबंधों को फिर से मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुवैत की दो दिवसीय यात्रा पर रवाना हुए. पिछले 43 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली यात्रा होगी.

प्रधानमंत्री मोदी ने एक बयान में कहा, ‘मैं खाड़ी क्षेत्र में एक प्रमुख खेल आयोजन ‘अरेबियन गल्फ कप’ के उद्घाटन समारोह में मुझे आमंत्रित करने के विशेष भाव के लिए कुवैत के नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करता हूं. मैं एथलेटिक उत्कृष्टता और क्षेत्रीय एकता के इस उत्सव का हिस्सा बनने के लिए उत्सुक हूं. मुझे विश्वास है कि यह यात्रा भारत और कुवैत के लोगों के बीच मित्रता के विशेष संबंधों और बंधनों को और मजबूत करेगी.’

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital