Bharat Express DD Free Dish

एक तरफ सऊदी ने पाक सेना प्रमुख को दिया मेडल, दूसरी ओर दो पाक नागरिकों को दी फांसी, क्या है पूरा मामला?

सऊदी अरब ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर (Asim Munir) को किंग अब्दुलअजीज मेडल से सम्मानित किया, वहीं नशीले पदार्थों के मामलों में दोषी पाए गए दो पाकिस्तानी नागरिकों को फांसी दी गई.

पाकिस्तान और सऊदी अरब के रिश्ते इन दिनों और मजबूत होते दिख रहे हैं. हाल ही में सऊदी के रक्षा मंत्री प्रिंस खालिद बिन सलमान ने रियाद में पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर (Asim Munir) को किंग अब्दुलअजीज मेडल (फर्स्ट क्लास) से सम्मानित किया. यह मेडल किंग सलमान के आदेश पर दिया गया ताकि दोनों देशों के बीच दोस्ती और सहयोग को और आगे बढ़ाया जा सके.

फांसी के आंकड़े बढ़े

जहां एक तरफ पाकिस्तान के सेना प्रमुख (Asim Munir) को अवॉर्ड मिला, वहीं दूसरी तरफ सऊदी अरब में दो पाकिस्तानी नागरिकों को फांसी दी गई. ब्रिटेन स्थित संगठन रीप्राइव के मुताबिक, 2025 सऊदी अरब में फांसी के मामलों के लिहाज से सबसे खतरनाक साल रहा है. इस साल अब तक 347 लोगों को मौत की सजा दी जा चुकी है, जबकि पिछले साल यह संख्या 345 थी.

क्यों दी गई फांसी?

जानकारी के अनुसार, दोनों पाकिस्तानी नागरिकों को नशीले पदार्थ रखने के मामले में दोषी पाया गया था. अदालत ने उन्हें ड्रग्स रखने का दोषी ठहराया और फांसी की सजा सुनाई. हालांकि, उनके नाम सार्वजनिक नहीं किए गए.

महिलाओं और विदेशी नागरिक भी शामिल

इस साल जिन लोगों को मौत की सजा दी गई है, उनमें एक पत्रकार, दो युवा पुरुष और पांच महिलाएं भी शामिल हैं. रिपोर्ट के अनुसार, करीब दो-तिहाई मामलों में ड्रग्स से जुड़े अपराध थे जिनमें किसी की जान नहीं गई थी. संयुक्त राष्ट्र ने ऐसे मामलों में मृत्युदंड को अंतरराष्ट्रीय मानकों के खिलाफ बताया है.

फांसी देने का तरीका

रीप्राइव का कहना है कि जिन लोगों को फांसी दी जाती है, उनके परिवारों को पहले से कोई सूचना नहीं दी जाती. शव भी परिवार को नहीं सौंपे जाते और न ही यह बताया जाता है कि उन्हें कहां दफनाया गया. माना जाता है कि सऊदी अरब में फांसी या तो सार्वजनिक रूप से सिर काटकर दी जाती है या फिर फायरिंग स्क्वॉड के जरिए.

ये भी पढ़ें-गुजरात के छात्र का वीडियो वायरल, रूसी सेना में जबरन भर्ती का आरोप; भारत सरकार से की ये अपील

इस तरह सऊदी अरब में एक तरफ पाकिस्तान के सेना प्रमुख को सम्मान दिया गया, तो दूसरी तरफ पाक नागरिकों को मौत की सजा भी मिली.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read