UAE New Oil Pipeline
UAE New Oil Pipeline: पीएम मोदी के संयुक्त अरब अमीरात (UAE) पहुंचते ही क्राउन प्रिंस ने होर्मुज स्ट्रेट का नया तोड़ निकाल लिया. यूएई ने होर्मुज स्ट्रेट को बाइपास करने के लिए पाइपलाइन निर्माण का काम तेजी से शुरू कर दिया है. इसकी जानकारी अबू धाबी मीडिया कार्यालय ने दी. जिसमें बताया गया है कि संयुक्त अरब अमीरात अपनी नई पाइपलाइन निर्माण का काम तेज कर दिया है. ये पाइपलाइन फुजेराह से होकर गुजरेगी.
अबू धाबी मीडिया ऑफिस के मुताबिक यह नई पाइपलाइन फुजेराह के रास्ते बनाई जाएगी, जो अबू धाबी से सीधे ओमान की खाड़ी तक तेल पहुंचाएगी. इससे तेल टैंकरों को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
2027 तक पाइपलाइन शुरू करना चाहता है UAE
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यूएई चाहता है कि यह पाइपलाइन साल 2027 तक शुरू हो जाए. पाइपलाइन चालू होने के बाद फुजेराह के जरिए यूएई की तेल निर्यात क्षमता लगभग दोगुनी हो जाएगी. जिससे दुनिया की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी.
बताया जा रहा है कि इस फैसले पर चर्चा उस समय हुई, जब भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूएई दौरे पर पहुंचे थे. इसी दौरान क्राउन प्रिंस खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी की बैठक में इस प्रोजेक्ट की समीक्षा की.
ट्रकों के जरिये सामान पहुंचाया जाता है ओमान
इससे पहले यूएई ने सामानों की सप्लाई के लिए सड़क मार्ग का भी इस्तेमाल शुरू किया था. रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रकों के जरिए सामान पहले ओमान पहुंचाया जाता है और वहां से सऊदी अरब के बंदरगाहों तक भेजा जाता है. इस रूट पर हर दिन करीब 3500 ट्रक चल रहे हैं.
ईरान-यूएई तनाव के कारण यूएई को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है. युद्ध के दौरान ईरान ने यूएई पर कई हमले किए थे. वहीं होर्मुज मार्ग बंद होने की वजह से तेल सप्लाई पर भी असर पड़ा है.
पीएम मोदी ने राष्ट्रपति जायद से की मुलाकात
यूएई दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद से मुलाकात की और होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित तरीके से खोलने की जरूरत बताई. पीएम मोदी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत इस रास्ते को खुला रखना दुनिया के लिए जरूरी है.
गौरतलब है कि 6 मार्च 2026 से होर्मुज का रास्ता पूरी तरह सामान्य नहीं है, ईरान की अनुमति से जहाजों की आवाजाही हो रही है. ऐसे में यूएई अब तेल उत्पादन बढ़ाकर नए रास्तों से सप्लाई मजबूत करने की तैयारी में जुट गया है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



