Bharat Express DD Free Dish

यूक्रेन का रूस पर बड़ा ड्रोन हमला, तुआप्से पोर्ट में लगी भीषण आग

यूक्रेन ने रूस के तुआप्से पोर्ट पर बड़ा ड्रोन हमला किया, जिससे तेल टर्मिनल और रिफाइनरी को भारी नुकसान हुआ

Ukraine Drone Attack

रविवार रात यूक्रेन ने रूस पर एक बड़ा ड्रोन हमला किया, जिसमें ब्लैक सी के किनारे स्थित तुआप्से पोर्ट को भारी नुकसान पहुंचा. बताया जा रहा है कि हमला इतना जबरदस्त था कि पोर्ट के एक हिस्से में आग लग गई जिससे वहां मौजूद तेल टर्मिनल और रिफाइनरी प्रभावित हुए. हालांकि, रूस की एयर डिफेंस यूनिट का दावा है कि उन्होंने इस हमले के दौरान 164 यूक्रेनी ड्रोन को हवा में ही मार गिराया.

सैन्य रसद को बाधित करने के उद्देश्य से हमला

रूसी समाचार एजेंसी के मुताबिक, यह हमला यूक्रेन की ओर से सैन्य रसद को बाधित करने के उद्देश्य से किया गया था. क्रास्नोडार प्रशासन ने टेलीग्राम पर जानकारी दी कि तुआप्से में यूएवी यानी मानव रहित हवाई वाहनों के हमले का जवाब दिया जा रहा है. इस हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है लेकिन पोर्ट के बुनियादी ढांचे को नुकसान जरूर हुआ है.

तुआप्से पोर्ट पर यूक्रेनी ड्रोन हमला

तुआप्से पोर्ट में मौजूद रोसनेफ्ट-नियंत्रित तेल रिफाइनरी और तेल टर्मिनल को इस साल कई बार यूक्रेनी ड्रोन हमलों का निशाना बनाया गया है. इस बार भी गिरते ड्रोन के मलबे से आग लग गई और पोर्ट का एक हिस्सा बुरी तरह प्रभावित हुआ. हालांकि, अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि पोर्ट के किस हिस्से को नुकसान पहुंचा है.

हमले का मकसद

यूक्रेन ने हाल के दिनों में रूसी बिजली ग्रिड पर हुए हमलों के जवाब में रिफाइनरियों, डिपो और पाइपलाइनों पर हमले तेज कर दिए हैं. इसका मकसद रूस की ईंधन आपूर्ति पर दबाव बनाना और उसकी सैन्य लॉजिस्टिक्स को बाधित करना है.

ये भी पढ़ें-वियतनाम में बाढ़ का कहर! भारी बारिश से मरने वालों की संख्या हुई 35, 16,500 से अधिक घर जलमग्न

क्रास्नोडार प्रशासन ने यह भी बताया कि तुआप्से के पास स्थित सोस्नोवी गांव में ड्रोन का मलबा गिरने से एक अपार्टमेंट बिल्डिंग को नुकसान हुआ है, लेकिन वहां भी किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. रूस अब इस हमले का जवाब देने की तैयारी में है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read