भारत के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अमेरिका में बसे भारतीय-अमेरिकी समुदाय के लिए गर्व करने वाली खबर है. अमेरिका के मैसाचुसेट्स (Massachusetts) राज्य की गवर्नर मौरा हीली (Maura Healey) ने 15 अगस्त को आधिकारिक रूप से ‘इंडिया-डे’ (India Day) घोषित किया है.
यह ऐतिहासिक घोषणा भारत की स्वतंत्रता की वर्षगांठ के सम्मान और मैसाचुसेट्स राज्य की अर्थव्यवस्था, संस्कृति तथा सार्वजनिक जीवन में भारतीय-अमेरिकियों के बहुमूल्य योगदान को स्वीकार करते हुए की गई है.
घोषणा-पत्र पर हुए हस्ताक्षर, बोस्टन मेयर ने भी दिया समर्थन
गवर्नर मौरा हीली ने 1 अगस्त को इस औपचारिक घोषणा-पत्र पर हस्ताक्षर किए. मैसाचुसेट्स की लेफ्टिनेंट गवर्नर किम्बर्ली ड्रिस्कॉल और कॉमनवेल्थ ऑफ मैसाचुसेट्स के सचिव विलियम फ्रांसिस गैल्विन ने भी इस घोषणा का पूर्ण समर्थन किया है. इसके अलावा, ‘अमेरिकन बाजार’ की रिपोर्ट के अनुसार, बोस्टन की मेयर मिशेल वू ने भी शहर स्तर पर 15 अगस्त को ‘इंडिया-डे’ घोषित करने का फैसला किया है.
घोषणा-पत्र में दुनिया भर में बसे भारतीय प्रवासियों का जिक्र करते हुए बताया गया है कि भारत के बाहर 3.6 करोड़ से अधिक भारतीय मूल के लोग रहते हैं, जिनमें से 50 लाख से अधिक अमेरिका में बसे हुए हैं.
भारतीय-अमेरिकी समुदाय के योगदान को किया सलाम
मैसाचुसेट्स प्रशासन ने माना कि भारतीय-अमेरिकी समुदाय ने राज्य की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.
घोषणा-पत्र में कहा गया है:
“मैसाचुसेट्स में रहने वाले भारतीय-अमेरिकी समुदाय ने चिकित्सा, विज्ञान, नवाचार, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, व्यापार और सार्वजनिक सेवा जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है, जिससे राज्य की सांस्कृतिक और आर्थिक पहचान और अधिक समृद्ध हुई है.”
यह समुदाय हर साल भारत के स्वतंत्रता दिवस को विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से मनाता है, जो भारत की समृद्ध विरासत, लोकतांत्रिक मूल्यों और शांति तथा प्रगति के प्रति प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करते हैं. 15 अगस्त को भारत अपनी आजादी की 80वीं वर्षगांठ मनाएगा और इस अवसर पर अमेरिका का मैसाचुसेट्स राज्य भी भारत के रंग में रंगा नजर आएगा.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
