Delcy Rodriguez India Connection: दुनिया के नक्शे पर इस वक्त वेनेजुएला सबसे ज्यादा चर्चा में है. अमेरिकी सेना की एक नाटकीय छापेमारी और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद वहां की राजनीति पूरी तरह बदल गई है. मादुरो अब न्यूयॉर्क की जेल में हैं और उनकी जगह देश की कमान अब एक ऐसी महिला के हाथों में है, जिनका भारत से बहुत गहरा और आध्यात्मिक नाता है. हम बात कर रहे हैं वेनेजुएला की नई कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी एलोइना रोड्रिग्ज की.
वेनेजुएला की नई राष्ट्रपति का भारत से कनेक्शन
शायद ही किसी ने सोचा होगा कि दक्षिण अमेरिका के एक संकटग्रस्त देश की नई मुखिया का दिल आंध्र प्रदेश के एक छोटे से कस्बे पुट्टपर्थी के लिए धड़कता होगा. डेल्सी रोड्रिग्ज, निवर्तमान राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की तरह ही आध्यात्मिक गुरु सत्य साईं बाबा की परम भक्त हैं.
असल में, यह आस्था केवल डेल्सी तक सीमित नहीं है; गिरफ्तार किए गए राष्ट्रपति निकोलस मादुरो खुद बाबा के बड़े अनुयायी हैं. हाल ही में इसी से जुड़ी एक तस्वीर भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई थी. वेनेजुएला के शीर्ष नेतृत्व में भारत के प्रति यह झुकाव केवल कूटनीतिक नहीं, बल्कि पूरी तरह से आध्यात्मिक है.
डेल्सी ने कई बार आंध्र प्रदेश स्थित सत्य साईं बाबा के आश्रम ‘प्रशांति निलयम’ की यात्रा की है. वहां जाकर बाबा के स्मारक पर श्रद्धा सुमन अर्पित करना उनके लिए मानसिक शांति का जरिया रहा है. उनके बारे में कहा जाता है कि वे अपनी हर बड़ी कामयाबी या मुश्किल वक्त में बाबा की शिक्षाओं का स्मरण करती हैं.
ये भी पढ़ें- अब अमेरिका-रूस में होगी जंग? पुतिन ने वेनेजुएला भेजी पनडुब्बी
दो साल में दो बार भारत दौरा
डेल्सी रोड्रिग्ज पिछले कुछ सालों में भारत की काफी सक्रिय मित्र रही हैं. अक्टूबर 2024 में, वे एक महत्वपूर्ण ग्लोबल समिट में हिस्सा लेने के बाद सीधे नई दिल्ली पहुंची थीं. उस दौरान उन्होंने तत्कालीन उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मुलाकात की थी. लेकिन उनकी उस यात्रा का सबसे निजी और खास हिस्सा था पुट्टपर्थी का दौरा. अपने व्यस्त आधिकारिक कार्यक्रमों के बावजूद, उन्होंने समय निकाला ताकि वे सत्य साईं बाबा के आश्रम जाकर प्रार्थना कर सकें.
इससे पहले अगस्त 2023 में भी, जब पूरी दुनिया की नजरें दिल्ली में हो रहे G20 शिखर सम्मेलन पर थीं, डेल्सी वेनेजुएला के प्रतिनिधिमंडल की एक अहम सदस्य के रूप में भारत आई थीं. उनके साथ विदेश मामलों की उप मंत्री कापया रोड्रिगेज भी थीं. वहीं 2019 में भी वे वेनेजुएला के कई मंत्रियों को लेकर प्रशांति निलयम आई थीं, जिससे पता चलता है कि वे भारत को केवल एक व्यापारिक साझेदार नहीं, बल्कि अपना आध्यात्मिक घर मानती हैं.
सत्ता का अचानक मिला जिम्मा
वेनेजुएला में मचे इस सियासी घमासान के बीच वहां के सुप्रीम कोर्ट ने एक बड़ा आदेश जारी किया. कोर्ट ने कहा कि चूंकि निकोलस मादुरो अब देश में मौजूद नहीं हैं और अपने कर्तव्यों को निभाने में ‘भौतिक और अस्थायी रूप से असमर्थ’ हैं, इसलिए उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को तुरंत राष्ट्रपति पद की शपथ लेनी चाहिए.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





