Trump Warning Rodriguez: वेनेजुएला में सत्ता बदलने के बाद हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं और तनाव बढ़ रहा है. इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज को खुली धमकी दी है. ट्रंप का कहना है कि अगर रोड्रिगेज अमेरिका की बात नहीं मानती है तो उन्हें मादुरो से भी ज्यादा गंभीर अंजाम भुगतना पड़ सकता है.
ट्रंप के कड़े तेवर
अमेरिकी मैगजीन को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने बेहद सख्त लहजे में कहा कि अगर रोड्रिगेज वह नहीं करतीं जो अमेरिका वेनेजुएला के लिए सही मानता है, तो ऐसे में उन्हें भारी कीमत चुकानी पड़ेगी. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यह कीमत शायद मादुरो से भी ज्यादा हो सकती है. यह बयान ऐसे समय में आया है जब मादुरो की गिरफ्तारी के बाद देश में सत्ता संतुलन को लेकर असमंजस बना हुआ है.
ट्रंप के बयान में विरोधाभास
ट्रंप के इस बयान में विरोधाभास भी सामने आया. दरअसल, एक दिन पहले ही उन्होंने कहा था कि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की रोड्रिगेज से बातचीत हुई है और वह अमेरिका की शर्तों पर काम करने को तैयार है. ट्रंप ने दावा किया था कि रोड्रिगेज वेनेजुएला में लोगों के जीवन स्तर को अच्छा बनाने के लिए अमेरिका की सलाह मानने को तैयार है.
रोड्रिगेज का पलटवार
हालांकि, रोड्रिगेज ने इन बातों को नकारते हुए मादुरो को जबरन हटाने की आलोचना की और अमेरिका से मांग की कि उन्हें तुरंत वेनेजुएला लौटाया जाए. उनके इस रुख से दोनों देशों के बीच टकराव और ज्यादा बढ़ गया है.
ये भी पढ़ें-असम समेत पूर्वोत्तर भारत में भूकंप के तेज झटके, रिक्टर स्केल पर 5.1 तीव्रता दर्ज
ट्रंप ने अपने एक इंटरव्यू में भी सख्त संदेश दिया. उन्होंने कहा कि अगर रोड्रिगेज अमेरिका की बात मानती है तो सैनिक तैनात करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. विशेषज्ञों का कहना है कि ट्रंप प्रशासन वेनेजुएला में सत्ता संचालन के लिए दोहरी चाल चल रहा है. एक ओर बातचीत और सहयोग का संदेश दिया जा रहा है जबकि दूसरी ओर खुली धमकियों से दबाव बनाया जा रहा है. रोड्रिगेज को दी गई चेतावनी ट्रंप प्रशासन की इसी रणनीति का अहम हिस्सा है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

