Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

“संविधान सभा में 90 फीसदी लोग सनातनी थे”, पीएम मोदी बोले- जंगलराज का सबसे बड़ा चेहरा RJD, पढ़ें PM के भाषण की 10 बड़ी बातें

बिहार के गया जिले में हुई एक चुनावी रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जो लोग कभी भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे, वो आज राम मंदिर पर कैसी-कैसी भाषाएं बोल रहे हैं. एक समुदाय के तुष्टिकरण के लिए इन लोगों ने प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम तक का बहिष्कार किया था.

PM Modi Rally in bihar

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर देश का सियासी पारा चढ़ा हुआ है. पीएम मोदी ने आज (16 अप्रैल) बिहार के गया जिले में चुनावी रैली को संबोधित किया. इस दौरान पीएम मोदी ने सरकार की उपलब्धियों को बताया. इसके अलावा उन्होंने विपक्ष पर जमकर हमला बोला. पीएम मोदी ने कहा कि सदियों बाद आज एक बार फिर भारत और बिहार अपने उस प्राचीन गौरव को लौटाने के लिए आगे बढ़ रहे हैं. ये चुनाव विकसित भारत, विकसित बिहार के उसी संकल्प का चुनाव है. गया की धरती पर उमड़ा ये जनसैलाब, ये अपार जनसमर्थन साफ बता रहा है कि फिर एक बार मोदी सरकार आ रही है.

  1. पीएम मोदी ने कहा कि अभी 2 दिन पहले BJP ने अपना संकल्प पत्र जारी किया है. ऐसा पहली बार है, जब किसी पार्टी के संकल्प पत्र को गारंटी कार्ड बोला जा रहा है. क्योंकि 10 वर्षों में सबने देखा है कि मोदी की गारंटी यानी गारंटी पूरा होने की भी गारंटी. डॉ. राजेंद्र बाबू और बाबा साहेब अंबेडकर का दिया हुआ ये संविधान न होता, तो कभी ऐसे पिछड़े परिवार में पैदा हुआ गरीब का बेटा देश का प्रधानमंत्री नहीं बन सकता था. संविधान निर्माताओं का सपना था कि भारत समृद्ध बने. लेकिन दशकों तक देश पर राज करने वाली कांग्रेस ने मौका गंवा दिया, देश का समय गंवा दिया.
  2. दलित, वंचित और पिछड़ों के नाम पर कांग्रेस और राजद ने सिर्फ अपना राजनीतिक स्वार्थ साधा. दलितों वंचितों और पिछड़ों को अधिकार और सम्मानपूर्ण जीवन NDA ने दिया है. 25 करोड़ देशवासियों को आपके इस सेवक ने गरीबी से बाहर निकाला है. दशकों तक गरीबों को रोटी, मकान के सपनें दिखाए कांग्रेस और उनके साथियों ने. लेकिन, 4 करोड़ गरीबों को पक्के मकान दिए NDA सरकार ने.
  3. अब अगले 5 वर्षों के लिए मोदी का गारंटी कार्ड अपडेट हो गया है. गरीबों के लिए 3 करोड़ पक्के घर बनाए जाएंगे, ये मोदी की गारंटी है. गरीबों को अगले 5 साल तक मुफ्त राशन मिलेगा, ये मोदी की गारंटी है. 70 वर्ष की आयु से ऊपर के हर बुजुर्ग को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा, ये मोदी की गारंटी है. किसान सम्मान निधि आगे भी जारी रहेगी, ये मोदी की गारंटी है.
  4. बीते 10 साल में देश में एक ऐसी क्रांति आई है, जिसकी उतनी चर्चा नहीं होती. ये क्रांति देश के महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा की गई है. पिछले 10 साल में 10 करोड़ महिलाएं SHGs से जुड़ी हैं, बिहार में ही सवा करोड़ बहनें इन समूहों से जुड़ी हैं. जब कांग्रेस की सरकार थी, तो महिला स्वयं सहायता समूहों को 150 करोड़ रुपये से भी कम मदद दी जाती थी. NDA सरकार के 10 साल में इन्हीं महिला समूहों को 40 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा दिए गए हैं.
  5. बिहार के लोग जानते हैं कि ये चुनाव दल का नहीं, देश का चुनाव है. आज एक ओर देश की संस्कृति और गर्व करने वाले हम लोग हैं और दूसरी ओर हमारी आस्था को नीचा दिखाने वाले लोग हैं. कल रामनवमी का पावन पर्व है. सूर्य की किरणें कल अयोध्या में रामलला के मस्तक का विशेष अभिषेक करेंगी. लेकिन, घमंडिया गठबंधन के लोगों को राम मंदिर से भी परेशानी है.
  6. जो लोग कभी भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे, वो आज राम मंदिर पर कैसी-कैसी भाषाएं बोल रहे हैं. एक समुदाय के तुष्टिकरण के लिए इन लोगों ने प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम तक का बहिष्कार कर दिया. कांग्रेस के युवराज तो खुलेआम कहते हैं कि, वो हिन्दू धर्म की शक्ति का विनाश कर देंगे. इनके दूसरे साथी हमारे सनातन धर्म को डेंगू, मलेरिया कहते हैं. घमंडिया अलायंस के पास न कोई विजन है, न कोई विश्वास है.
  7. ये लोग जब वोट मांगने जाते हैं, तो भी नीतीश जी के कामों पर वोट मांगते हैं. ये लोग क्यों नीतीश जी और केंद्र सरकार के कामों का क्रेडिट खाते हैं, वो पूरा बिहार जानता है. RJD ने भी इतने वर्षों तक बिहार पर राज किया है, लेकिन इनकी हिम्मत नहीं है कि अपनी सरकारों ने क्या काम किए, उसकी चर्चा कर लें. बिहार में जंगलराज का सबसे बड़ा चेहरा राजद है.
  8. बिहार में भ्रष्टाचार का दूसरा नाम राजद है. बिहार की बर्बादी की सबसे बड़ी गुनाहगार राजद है. RJD ने बिहार को केवल दो ही चीजें दी हैं- जंगलराज, और भ्रष्टाचार. इन्हीं का दौर था, जब बिहार में अपहरण और फिरौती एक उद्योग बन गया था. हमारी बहन-बेटियां घर से बाहर नहीं निकल पाती थी, हमारे गया जैसे इलाके नक्सली हिंसा की आग में जलते रहते थे. RJD ने बिहार के कितने ही परिवारों को बिहार छोड़कर जाने पर मजबूर कर दिया था.
  9. जो लोग सनातन को गाली देते हैं, वो कान खोलकर सुन लें कि भारत के संविधान को बनाने वाली संविधान सभा में भी 80-90% लोग सनातनी थे और उन सनातनियों ने इतना उत्तम संविधान बनाने में बाबा साहेब अंबेडकर का साथ दिया है. घमंडिया गठबंधन वाले कहते हैं कि 400 पार क्यों? देश की जनता ने तय किया है 400 पार, क्योंकि देश की जनता 2047 में हिंदुस्तान को विकसित देखना चाहती है.
  10. देश को लूटने वालों को, भ्रष्टाचार करने वालों को, संविधान के साथ खिलवाड़ करने वालों को सजा देने के लिए भी देश की जनता NDA को 400 पार देना चाहती है. ये चुनाव NDA को जिताने का भी है, ये चुनाव देश में तबाही करने की आदत रखने वालों को सजा देने का भी है. इसलिए हिसाब 400 के पार जाने वाला है.

यह भी पढ़ें- PM Modi Interview: भाजपा के चुनावी मिशन, राम मंदिर, इलेक्टोरल बांड और ED की कार्रवाई से लेकर ‘एक देश एक चुनाव’ के मुद्दे पर पीएम मोदी का इंटरव्यू

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital