Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

आमदनी अठन्नी और करोड़ों रुपये का आयकर नोटिस, Gujarat के इस चायवाले के साथ जो हुआ जानकर सिर चकरा जाएगा!

मूलरूप से बनासकांठा जिले के रहने वाले खेमराज दवे पाटन कमोडिटी मार्केट में साल 2014 से चाय बेचने का काम कर रहे हैं. आयकर नोटिस मिलने के बाद वह पुलिस और वकीलों के चक्कर लगा रहे हैं.

(फोटो: IANS)

गुजरात में पाटन जिले के एक चाय बेचने वाले को आयकर विभाग (IT) से एक नोटिस मिला है, जिसमें उसे अपने खाते में 34 करोड़ रुपये की बेईमानी से किए गए लेन-देन को लेकर 49 करोड़ रुपये का जुर्माना भरने का आदेश दिया गया है. अब उन्हें वकीलों और पुलिस के चक्कर काटने पड़ रहे हैं.

मूलरूप से बनासकांठा जिले के रहने वाले खेमराज दवे पाटन कमोडिटी मार्केट में साल 2014 से चाय बेचने का काम कर रहे हैं. इस संबंध में दर्ज एफआईआर के अनुसार, खेमराज मेहसाणा के ऊंझा के रहने वाले अल्पेश पटेल और विपुल पटेल के ऑफिस में चाय दिया करते थे. दोनों भाई कमोडिटी मार्केट में ब्रोकरेज का कारोबार करते हैं.

कक्षा सात तक पढ़े दवे ने साल 2014 में बैंक खाते को पैन कार्ड से लिंक करवाने के लिए उनसे मदद मांगी. फिर फोटो के साथ आधार और पैन कार्ड पटेल बंधुओं को दे दिए. कुछ ही दिनों के बाद दवे को आधार और पैन कार्ड वापस मिल गया. दवे की मानें तो इस दौरान उनसे कुछ कागजों पर दस्तखत करवाए गए.

उनके नाम से फर्जी खाता

साल 2023 तक सब कुछ ठीक चलता रहा, लेकिन अगस्त महीने में आयकर की तरफ से दवे को इनकम टैक्स का नोटिस आया. यह नोटिस अंग्रेजी भाषा में था. नोटिस को दवे नहीं पढ़ पाए, जब फिर दोबारा नोटिस आया तो दवे ने सुरेश जोशी नाम के एक वकील से संपर्क किया तो पता चला कि 2014-15 और 2015-16 वित्त वर्ष में अवैध लेनदेन के लिए आयकर विभाग ने पेनल्टी लगाई है.

दवे ने अपने खाते की जांच की और पासबुक भी प्रिंट करवाई. इसमें ऐसा कुछ सामने नहीं आया. इसी दौरान बैंक अधिकारी ने बताया कि दवे के नाम पर एक और खाता चल रहा है. यह सुनकर दवे के पैरों के नीचे जमीन खिंसक गई.

आरोपियों ने धमकाया था

खेमराज के पैन कार्ड पर अलग-अलग खाते खोले गए थे. कुछ लोगों ने उन्हें मेहसाणा के वकील के पास जाने को कहा. मामला सामने आने के बाद अल्पेश और विपुल ने उन्हें धमकाया कि अगर किसी और को यह पूरा वाकया बताया तो वे फंसा देंगे.

चाय बेचने वाले खेमराज के सामने कोई रास्ता नहीं बचा तो उसने आखिर में पाटन पुलिस से संपर्क कर अल्पेश और विपुल पटेल के खिलाफ जालसाजी और धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया.

दवे ने आरोप लगाया है कि दोनों ने उसके नाम पर खाता खोलकर वित्तीय लेनदेन किए, जिसके चलते अब उसके सामने 49 करोड़ रुपये का नोटिस आयकर विभाग से आया है. दवे ने पाटन पुलिस के बी डिवीजन थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाकर इस पूरे मामले की जांच की मांग की है. दवे के परिवार में पत्नी दो लड़कों के साथ एक बेटी है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital