Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

कुणाल कामरा ने भाविश अग्रवाल पर फिर साधा निशाना, कॉमेडियन ने Ola Electric CEO से रिफंड पॉलिसी पर मांगी सफाई

कामरा ने कंपनी पर ग्राहकों की शिकायतों का समाधान और रिफंड प्रक्रिया स्पष्ट न करने का आरोप लगाया है. X पर दोनों के बीच हुई तीखी बहस में अग्रवाल ने कामरा से मदद करने को कहा, जबकि कामरा ने कंपनी से जवाबदेही की मांग की.

कुणाल कामरा और भाविश अग्रवाल

कॉमेडियन कुणाल कामरा ने एक बार फिर Ola Electric के CEO भाविश अग्रवाल पर निशाना साधा है. एक हफ्ते पहले X (ट्विटर) पर दोनों के बीच हुई गर्मागर्म बहस के बाद, अब कामरा ने कंपनी की आलोचना की है कि वह ग्राहकों की शिकायतों का समाधान या रिफंड देने की कोई स्पष्ट योजना नहीं बता रही है.

कामरा ने X पर लिखा, “Ola Electric ने न तो रिफंड देने की कोई योजना बताई है और न ही ग्राहकों की मौजूदा शिकायतों का समाधान करने की कोई तारीख दी है. हमें यह भी नहीं पता कि ऐसी कोई योजना है भी या नहीं.” इस बयान के साथ कामरा ने सार्वजनिक तौर पर इस विवाद को फिर से हवा दे दी है. कामरा ने Ola के CEO भाविश अग्रवाल से यह भी मांग की कि वह सार्वजनिक रूप से एक योजना साझा करें, और मजाक में कहा कि यह योजना उन्हें (कामरा को) नौकरी देने वाली नहीं होनी चाहिए.

अग्रवाल ने कामरा के ट्वीट को बताया स्पॉन्सर्ड

यह बयान उस समय आया जब कामरा और अग्रवाल के बीच X पर एक सार्वजनिक बहस हो रही थी. यह बहस तब शुरू हुई जब कामरा ने ओला इलेक्ट्रिक स्कूटर की एक तस्वीर साझा की, जो एक Ola स्टोर के बाहर खड़े थे और उनपर धुल जमा हो रही थी. इसके जवाब में अग्रवाल ने कामरा के ट्वीट को स्पॉन्सर्ड बताया और उन्हें सुझाव दिया कि यदि कामरा स्कूटरों की इतनी चिंता कर रहे हैं, तो उन्हें भी समस्याओं को सुलझाने में मदद करनी चाहिए. अग्रवाल ने लिखा, “अगर आप मदद नहीं कर सकते, तो चुप रहें और हमें असली ग्राहक मुद्दों को हल करने दें.”

यह बहस आगे बढ़ती गई और दोनों ने एक-दूसरे पर कई बार कटाक्ष किए. एक समय पर अग्रवाल ने लिखा, “चोट लगी? दर्द हुआ? आजा सर्विस सेंटर. बहुत काम है. मैं आपके फ्लॉप शो से बेहतर भुगतान करूंगा. अपने दर्शकों को दिखाओ कि आप कितनी परवाह करते हो या फिर यह सब सिर्फ हवा है.”

इसके जवाब में कामरा ने ओला की रिफंड नीति पर सवाल उठाया और पूछा कि क्या कंपनी पिछले चार महीनों में अपने इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने वाले ग्राहकों को पूरा रिफंड देगी. कामरा ने कहा, “मुझे आपके पैसे की जरूरत नहीं है; जिन्हें काम पर जाने में समस्या हो रही है, उन्हें आपकी जवाबदेही चाहिए.” उन्होंने कंपनी से आग्रह किया कि वह अपने ग्राहकों को दिखाए कि वह उनकी चिंताओं की परवाह करती है.

ये भी पढ़ें- ‘नारी शक्ति के आशीर्वाद ने मुझे वि​कसित भारत के लिए प्रेरित किया…’, आदिवासी महिला से 100 रुपये मिलने पर PM Modi

अग्रवाल की हुई आलोचना

अग्रवाल के इन जवाबों की सोशल मीडिया पर आलोचना हुई, जहां यूजर्स ने उन्हें असभ्य और ग्राहकों की फीडबैक को नजरअंदाज करने वाला बताया. एक यूजर ने लिखा, “सुपर क्रिंज, अगर मैनेजमेंट का रवैया ऐसा है तो सोच सकते हैं कि ग्राहक सेवा कैसे बर्ताव करती होगी.”

एक अन्य यूजर ने भाविश अग्रवाल को चेतावनी दी कि उनका यह व्यवहार कंपनी की ग्राहक सेवा पर बुरा असर डाल सकता है. उन्होंने लिखा, “भाविश, यह सब अनावश्यक है. इसे अपने सेवा दृष्टिकोण का संकेत न बनने दें. आपके ट्वीट्स से कोई मदद नहीं मिलने वाली.”

एक तीसरे यूजर ने जोड़ा, “कामरा ने आपके ग्राहकों का पैसा लेकर घटिया सेवा नहीं दी. आपने ऐसा किया है. आपको इसके लिए जिम्मेदारी लेनी चाहिए, बजाय इसके कि आप मशहूर हस्तियों से ट्विटर पर लड़ रहे हैं.”

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital