Urdu Conclave 2026

गृहमंत्री अमित शाह संग छत्तीसगढ़ CM विष्णुदेव साय की बैठक, नक्सलवाद पर रणनीति और नए आपराधिक कानूनों की हुई समीक्षा

नई दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह और सीएम विष्णुदेव साय की बैठक में नक्सलवाद पर रणनीति और नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। राज्य में तैयारियां पूरी बताई गईं।

CM Sai met Amit Shah in New Delhi

नई दिल्ली में अमित शाह से सीएम साय की मुलाकात

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

21 अप्रैल 2025 को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली के नॉर्थ ब्लॉक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की. इस अहम बैठक में राज्य में नक्सलवाद के खिलाफ विशेष रणनीति और तीन नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन पर चर्चा की गई.

नक्सल उन्मूलन के प्रयासों पर चर्चा

बैठक में मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल के महीनों में राज्य में चलाए गए सघन अभियानों के चलते कई नक्सली या तो मारे गए, गिरफ्तार हुए या आत्मसमर्पण कर चुके हैं. नियद नेलानार योजना, बस्तर ओलंपिक, महिला सुरक्षा केंद्र और आदिवासी क्षेत्रों में पर्यटन और होमस्टे विकास जैसे प्रयासों से युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने में सफलता मिली है. मुख्यमंत्री ने 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त बनाने के संकल्प को दोहराया.

नए आपराधिक कानूनों की समीक्षा

बैठक में भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम पर विस्तार से चर्चा की गई. मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में प्रशासनिक और तकनीकी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं. 27 एसओपी और दिशा-निर्देश लागू किए गए हैं और लगभग 37,385 पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित किया जा चुका है.

तकनीकी आधुनिकीकरण की पहल

राज्य के पुलिस थानों, जेलों और न्यायालयों को ई-साक्ष्य और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सिस्टम से लैस किया गया है. अब तक 53,981 एफआईआर नए कानूनों के तहत दर्ज की गई हैं, जिनमें से लगभग 50% मामलों में चालान पेश किए जा चुके हैं.

गृहमंत्री की सराहना और निर्देश

गृहमंत्री अमित शाह ने राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए शत-प्रतिशत क्रियान्वयन की दिशा में तेजी लाने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि नए कानून न्याय प्रक्रिया को अधिक सरल, तेज और जनोन्मुखी बनाएंगे.

बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

इस बैठक में छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा सहित राज्य और केंद्र के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य सचिव अमिताभ जैन, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम और अन्य प्रमुख अधिकारी शामिल थे.

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read