Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

दुश्मन कोई भी हो, भारत देगा हर साजिश का जवाब: मुस्लिम राष्ट्रीय मंच

मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर सेना और सरकार को बधाई दी. मंच ने भारत की नई सुरक्षा नीति, सोशल मीडिया युद्ध और पाकिस्तान-चीन-तुर्की के भारत विरोधी प्रोपेगेंडा पर कड़ा रुख अपनाने की सराहना की.

Muslim Rashtriya Manch
Edited by Akansha

नई दिल्ली, 14 मई। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने कहा है कि दुश्मन चाहे सीमा पार से हो या सोशल मीडिया पर बैठे किसी अंधेरे कोने से—भारत अब हर साजिश का माकूल जवाब देगा. मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने ऐतिहासिक ऑपरेशन सिंदूर की साहसिक कार्रवाई के लिए भारतीय सेना और सरकार को बधाई दी है. मंच ने इसे भारत की बदलती सैन्य सोच और सुरक्षा नीति का प्रतीक बताया है.

बीते सप्ताह जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए POK और पाकिस्तान के अंदर स्थित 9 आतंकवादी ठिकानों को ध्वस्त किया. इन ठिकानों पर एयर स्ट्राइक और ड्रोन हमलों के माध्यम से कार्रवाई की गई, जिसमें 100 से अधिक आतंकी मारे गए. मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने इसे भारत की “ज़ीरो टॉलरेंस नीति” का प्रभावी उदाहरण बताते हुए कहा कि यह स्पष्ट संकेत है, अब भारत चुप नहीं बैठेगा.

डिजिटल युद्ध और वैश्विक प्रचार

मंच ने ज़ोर देकर कहा कि आज युद्ध केवल सीमाओं पर ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया और साइबर प्लेटफ़ॉर्म्स पर भी लड़ा जा रहा है. पाकिस्तान, चीन और तुर्की जैसे देश डिजिटल माध्यमों से झूठा प्रचार और भ्रम फैलाकर भारत की छवि को नुक़सान पहुँचाने की कोशिश कर रहे हैं. मंच ने खास तौर पर “ग्लोबल टाइम्स” और “TRT वर्ल्ड” जैसे चीन और तुर्की के सरकारी मीडिया संस्थानों द्वारा चलाए जा रहे भारत-विरोधी प्रोपेगेंडा की निंदा की और भारत द्वारा इन पर कड़ी कार्रवाई का समर्थन किया.

प्रधानमंत्री मोदी के हालिया भाषण को मंच ने भारत की नई और निर्णायक सुरक्षा नीति का घोषणापत्र बताया. प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया था कि, अब न ‘टेरर और टॉक’ साथ चलेंगे, न ही ‘टेरर और ट्रेड’. मंच ने कहा कि यह पाकिस्तान और उसके साथ खड़े चीन और तुर्की के लिए सीधा संदेश है कि भारत अब केवल बात नहीं करेगा, जवाब देगा—वो भी उसी भाषा में.

मंच ने पाकिस्तान की अंदरूनी स्थिति पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि वहां की जर्जर अर्थव्यवस्था और फैलता हुआ असंतोष उसे भीतर से खा रहा है. बलूचिस्तान में BLA का ऑपरेशन हो, या खैबर पख्तूनख्वा और सिंध में बगावती लहरें—हर सूबा अलग-अलग दिशाओं में टूट रहा है. गुलाम कश्मीर की आवाज़ भी विद्रोह की शक्ल ले चुकी है. ऐसे में पाकिस्तान को भारत के खिलाफ साजिश करने के बजाय अपनी आंतरिक समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए.

मंच ने देशवासियों से अपील की कि वे एकजुट रहें और देश की सुरक्षा नीति का समर्थन करें. मंच ने दोहराया कि भारत के सैन्य बल और नेतृत्व हर हमले का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम हैं—और यही भारत की नई पहचान है.

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital