फोटो: YSRCP के प्रवक्ता रचमल्लू शिव प्रसाद रेड्डी और पूर्व मंत्री विदादला रजनी.
आंध्र प्रदेश के तिरुपति में अवैध शराब बिक्री होने का दावा किया गया है. वाईएसआरसीपी पार्टी के नेता ने ऐसा दावा करते हुए आज टीडीपी-एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला. वाईएसआरसीपी नेता और तिरुपति सांसद एम. गुरुमूर्ति ने आरोप लगाया कि धर्मनगरी में शराब की दुकानें सुबह 5 बजे से देर रात 12 बजे तक खुल रही हैं, जो नियमों का उल्लंघन है. उन्होंने दावा किया कि शराब की बिक्री अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) से कम से कम 50 रुपये अधिक पर हो रही है.
न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुमूर्ति ने कहा, “एनडीए सरकार तिरुमाला की पवित्र छाया में भी लूट कर रही है. अगर तिरुपति में यह हाल है, तो अन्य जगहों की स्थिति की कल्पना की जा सकती है.”
वाईएसआरसीपी नेता बी. अभिनय पड़ताल करने गए थे
तिरुपति सांसद एम. गुरुमूर्ति का कहना है कि वाईएसआरसीपी नेता बी. अभिनय ने रविवार तड़के तिरुपति का दौरा किया था और यह पाया कि वहां कई शराब दुकानें सुबह 5 बजे से खुल रही हैं और MRP से अधिक कीमत पर बिक्री हो रही है. उन्होंने इस अवैध शराब नेटवर्क को तिरुपति की पवित्रता पर दाग और शासन में विफलता का प्रतीक बताया. वाईएसआरसीपी ने सरकार से तत्काल जवाबदेही और कार्रवाई की मांग की है.
YSRCP के आरोप पर आबकारी विभाग की प्रतिक्रिया
आबकारी विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि कुछ दुकानों के कर्मचारी नियमों का उल्लंघन कर रहे हो सकते हैं, लेकिन लाइसेंस धारक, जो भारी राशि का भुगतान करते हैं, आमतौर पर जुर्माने के डर से ऐसी गतिविधियों से बचते हैं. विभाग ने एक दुकान के खिलाफ कार्रवाई की है. वहीं, 13 अन्य दुकानों की जांच करने की बात कही गई है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं. एक मामला आंध्र प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 31 के तहत दर्ज किया गया है.
पूर्व मंत्री रजनी का बयान, NDA के दावे खारिज किए
वहीं, पूर्व मंत्री विदादला रजनी ने एनडीए के दावों को खारिज करते हुए कहा कि YSRCP शासन में शराब की बिक्री में कमी आई थी. उन्होंने 2018-19 में 3.84 करोड़ शराब केस की तुलना में 2023-24 में 3.32 करोड़ केस और बियर बिक्री में भारी गिरावट का हवाला दिया.
ये भी पढ़ें- योगी सरकार ने यूपी को 2027 तक बाल श्रम मुक्त बनाने का लिया संकल्प, अब तक 10,336 बाल श्रमिकों की पहचान
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

