Urdu Conclave 2026

BSF ने ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’ थीम पर मनाया 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, 400 से अधिक जवानों ने लिया भाग

International Yoga Day 2025: सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर नई दिल्ली स्थित दक्षिणी मुख्यालय में भव्य योग उत्सव का आयोजन किया. ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में 400 से अधिक जवानों और उनके परिवारों ने भाग लिया.

International Yoga Day 2025

International Yoga Day 2025: 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने आज नई दिल्ली स्थित अपने दक्षिणी मुख्यालय परिसर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया. इस कार्यक्रम का आयोजन ‘सामान्य योग अभ्यास क्रम (सीवाईपी)’ के तहत किया गया, जिसमें BSF के सैकड़ों जवानों और उनके परिवारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. कार्यक्रम की अगुवाई BSF के महानिरीक्षक श्री नयत्र सिंह चौधरी ने की.

इस वर्ष योग दिवस की थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” रही, जिसे कार्यक्रम में आए जवानों और उनके परिजनों ने आत्मसात करते हुए पूरे समर्पण और अनुशासन के साथ योगाभ्यास किया. सुबह आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 400 से अधिक जवानों और उनके परिवारजनों ने भाग लिया. आयोजन का संचालन BSF के उच्च प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों की टीम ने किया, जिन्होंने सटीक निर्देशों के साथ सभी प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराया.

“एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” थीम के साथ आयोजन

कार्यक्रम का उद्देश्य केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना नहीं था, बल्कि इसके माध्यम से मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का भी संदेश जन-जन तक पहुँचाना था. योग प्रशिक्षकों ने बताया कि आज के समय में तनावपूर्ण जीवनशैली, सीमित शारीरिक गतिविधि और मानसिक असंतुलन से निपटने में योग अत्यंत प्रभावी साधन है.

BSF के अधिकारियों ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात बल के जवान अत्यंत चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में देश की रक्षा करते हैं और ऐसे में योग उनके मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को सशक्त बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. इस योग दिवस ने उनके लिए आत्मिक शांति और सामूहिक एकता का अवसर भी प्रदान किया.

इसके अतिरिक्त, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के तहत बल के विभिन्न प्रतिष्ठानों—फ्रंटियर मुख्यालय, सेक्टर मुख्यालय, बटालियन कैंप और प्रशिक्षण केंद्रों—में भी योग सत्र आयोजित किए गए, जिससे बल के हर स्तर पर इस दिवस की महत्ता को महसूस किया गया.

ये भी पढ़ें: उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में 11वां अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read