प्रॉपर्टी डीलर शिलोम जेम्स
इंदौर के राजा रघुवंशी हत्या मामले में आए दिन नए खुलासे हो रहे हैं. शिलॉन्ग पुलिस ने अबतक इस मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं अभी एक आरोपी फरार चल रहा है. रविवार को शिलॉन्ग पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था. जिसमें एक आरोपी शिलोम जेम्स और दूसरा चौकीदार बलवीर है. दोनों ही आरोपियों को शिलॉन्ग पुलिस ने कोर्ट में पेश किया. जहां से शिलॉन्ग पुलिस ने दोनों को 7 दिन के ट्रांजिट रिमांड पर लिया है.
राजा रघुवंशी मर्डर केस मामले में शिलॉन्ग पुलिस के द्वारा इंदौर में लगातार 5 दिनों से सर्चिंग की जा रही है. इस मामले में एक आरोपी शिलोम जेम्स को पुलिस ने गिरफ्तार किया. शिलोम जेम्स प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है. वहीं उसका साथ देने वाला एक और आरोपी बलवीर है. जो उसी बिल्डिंग में सुरक्षा गार्ड का काम करता था, जिसमें आकर सोनम रुकी थी. शिलॉन्ग पुलिस ने बलवीर को अशोक नगर से गिरफ्तार किया है.
सिलोम जेम्स ने सोनम को दिया था इंदौर में फ्लैट
बता दें कि, राजा की हत्या करने के बाद सोनम सुपारी किलर विशाल सिंह चौहान के साथ इंदौर आई थी. जहां वो विशाल के साथ एक फ्लैट में छिपी थी. इस फ्लैट को प्रॉपर्टी डीलर सिलोम जेम्स ने किराये पर दिया था. सोनम ने सिलोम जेम्स को अपना बैग जलाने के लिए दिया था. जिसमें जिसमें पांच लाख रुपये, एक देसी पिस्टल और राजा के गहने थे. पुलिस का मानना है कि बलवीर ने सिलोम के साथ मिलकर सोनम का बैग गायब करने में मदद की थी. जो कि राजा हत्याकांड का अहम सबूत था.
लोकेंद्र सिंह तोमर है 8वां आरोपी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक शिलॉन्ग पुलिस की पूछताछ में जेम्स ने खुलासा किया है कि फरार आरोपी लोकेंद्र सिंह तोमर टॉम और शिलोम का पार्टनर है. लोकेंद्र ने सोनम के सूटकेस को जलाने का मैसेज किया था. पुलिस के मुताबिक सूटकेस के अंदर रखा सोना, पिस्तौल और नकदी लोकेंद्र के पास है. जिसे खोजने के लिए शिलॉन्ग और ग्वालियर पुलिस सर्च अभियान चला रही है.
क्या है राजा रघुवंशी हत्याकांड?
इंदौर के रहने वाले कारोबारी राजा रघुवंशी शादी के बाद हनीमून मनाने मेघालय के शिलॉन्ग गए थे. जहां उनकी हत्या कर लाश खाई में फेंक दी गई, लेकिन उनकी पत्नी सोनम का कोई अता पता नहीं चल पा रहा था. कुछ दिनों के बाद राजा की पत्नी सोनम ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस की पूछताछ में यह पता चला कि राजा की हत्या में मास्टरमाइंड और कोई नहीं उनकी पत्नी सोनम ही है. उसी ने अपने बॉयफ्रेंड राज कुशवाहा के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था.
राजा को मारने के लिए सोनम और राज कुशवाहा ने तीन भाड़े के किलर हायर किये थे. जिन्होंने शिलॉन्ग पहुंचकर इस वारदात को अंजाम दिया और गायब हो गए. हालांकि पुलिस ने गहन जांच अभियान चलाकर सोनम, राज कुशवाहा सहित तीनों सुपारी किलर्स को गिरफ्तार कर लिया. इस मामले में पुलिस को कई और लोगों की संलिप्तता का पता चला है. जिन्हें गिरफ्तार करने के लिए मेघालय और इंदौर पुलिस लगातार छापेमारी और सर्च अभियान चला रही है.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
