Delhi Fire: दिल्ली के रिठाला मेट्रो स्टेशन (Rithala Metro Station) के पास पॉलिथिन बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने कई चीजों को चपेट में ले लिया. इस अगलगी में 3 लोग घायल हुए और 3 लोगों की मौत हो गई. वहां मौजूद दूसरे लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई.
तीन मंजिला फैक्ट्री में आग
जानकारी के मुताबिक मंगलवार शाम लगभग 7:25 बजे तीन मंजिला फैक्ट्री में आग लग गई. सूचना पर दमकल की दर्जन भर से ज्यादा गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुट गईं. मामले में पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी. उन्होंने बताया कि अगलगी के कारण का पता नहीं चल पाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. इस हादसे में फैक्ट्री में रखा लाखों के सामान जलकर खाक हो गया.
फैक्ट्र्री के अंदर भारी मात्रा में था पॉलिथिन
आपको बता दें कि तीन मंजिला फैक्ट्री में पॉलिथिन बनाया जाता था. फैक्ट्र्री के अंदर भारी मात्रा में पॉलिथिन मौजूद था. इसी वजह से आग काफी तेजी से फैली. इस मामले में दमकल अधिकारी ने जानकारी दी. उन्होंने बताया कि घटना के फौरन बाद रोहिणी दमकल केंद्र से गाड़ियां आसानी से घटनास्थल तक पहुंच गई, लेकिन पीरागढ़ी की दमकल की गाड़ियां जाम में फंसी रही. इस दौरान उठ रहे धुएं से आस-पास के लोगों को सांस लेने में काफी दिक्कत हुई. मौके से 3 लोगों के जले हुए शव बरामद कर लिए गए हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
