Bharat Express DD Free Dish

वरिष्ठ भाजपा नेता कविंदर गुप्ता ने लद्दाख के नए उपराज्यपाल के रूप में ली शपथ

वरिष्ठ भाजपा नेता कविंदर गुप्ता ने लद्दाख के तीसरे उपराज्यपाल के रूप में शपथ ली. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा नियुक्ति के बाद लेह में आयोजित समारोह में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई.

Kavinder Gupta Ladakh LG
Edited by Akansha

लेह/जम्मू, 18 जुलाई: वरिष्ठ भाजपा नेता कविंदर गुप्ता ने शुक्रवार को केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के नए उपराज्यपाल (एलजी) के रूप में शपथ ली. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा उन्हें इस संवैधानिक पद पर नियुक्त किए जाने के चार दिन बाद यह शपथ ग्रहण समारोह हुआ.

अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश, न्यायमूर्ति अरुण पाली ने लेह स्थित लद्दाख राज निवास में आयोजित समारोह में गुप्ता को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई. मुख्य सचिव पवन कोटवाल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा गुप्ता की नियुक्ति का वारंट पढ़ा.

कविंदर गुप्ता लद्दाख के तीसरे उपराज्यपाल हैं. इससे पहले ब्रिगेडियर बी डी मिश्रा इस पद पर थे, जिन्होंने 19 फरवरी 2024 को कार्यभार संभाला था. मिश्रा से पहले नौकरशाह आर के माथुर लद्दाख के पहले उपराज्यपाल बने थे जब 2019 में जम्मू-कश्मीर का विभाजन कर लद्दाख को अलग केंद्र शासित प्रदेश बनाया गया था.

66 वर्षीय कविंदर गुप्ता जम्मू शहर के जानीपुर इलाके के निवासी हैं. वह 2018 में भाजपा-पीडीपी सरकार में 51 दिनों तक जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री भी रहे, लेकिन भाजपा द्वारा महबूबा मुफ्ती सरकार से समर्थन वापस लेने के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया.

गुप्ता ने 2005 से 2010 तक लगातार तीन बार जम्मू के मेयर का रिकॉर्ड बनाया. वह भाजपा की राज्य इकाई के महासचिव और 1993 से 1998 तक दो कार्यकालों के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे.

2014 के विधानसभा चुनावों में उन्होंने गांधी नगर सीट से तत्कालीन कांग्रेस मंत्री रमन भल्ला को हराकर पहली बार विधायक बने. भाजपा-पीडीपी गठबंधन की जीत के बाद उन्हें सर्वसम्मति से विधानसभा अध्यक्ष चुना गया.

कविंदर गुप्ता विश्व हिंदू परिषद के सचिव भी रह चुके हैं और आपातकाल के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यकर्ता के तौर पर करीब 13 महीने जेल में भी रहे.

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read