Bharat Express DD Free Dish

Weather Update: देशभर में मौसम का कहर, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली से लेकर पहाड़ों तक चिंता बढ़ी

देश के कई हिस्सों में मौसम ने ली करवट. 12 अगस्त तक IMD ने जारी किया भारी बारिश और तूफान का अलर्ट. उत्तर भारत, हिमाचल, उत्तराखंड, और दिल्ली-NCR में चिंता बढ़ी। जानिए राज्यों का हाल.

Aaj Ka Mausam, Today Weather, Delhi NCR Weather, IMD Alert

Weather Update: देश के मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. अगस्त की शुरुआत के साथ ही बादलों ने कई राज्यों में डेरा जमा लिया है और अब भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 12 अगस्त 2025 तक देश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है.

उत्तर भारत, पूर्वोत्तर, दक्षिण और मध्य भारत के कई हिस्सों में तेज बारिश के साथ-साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका जताई जा रही है. कुछ क्षेत्रों में तो हालात इतने बिगड़ सकते हैं कि बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है.

दिल्ली-NCR में फिर भीगेंगे लोग

दिल्ली में आज यानी 7 अगस्त को हल्की बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में बारिश होती रहेगी.

एनसीआर के इलाकों, जैसे लक्ष्मी नगर, पटपड़गंज, उत्तरी और दक्षिणी दिल्ली में भी बारिश का असर देखने को मिलेगा. हालांकि तापमान में कोई खास गिरावट नहीं आएगी, लेकिन उमस से जरूर थोड़ी राहत मिल सकती है.

उत्तर प्रदेश में पूर्वांचल सबसे ज्यादा प्रभावित

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है. खासकर पूर्वांचल के लखीमपुर खीरी, बहराइच, अयोध्या, सुल्तानपुर, जौनपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली जैसे जिलों में तेज बारिश के साथ हवाएं भी चल सकती हैं.

प्रयागराज में हालात चिंताजनक हैं, गंगा उफान पर है और सड़कों पर नावें चल रही हैं. कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है.

ये भी पढ़ें- नई साड़ी नहीं दिलाने पर छात्रा ने की आत्महत्या, फ्रेशर्स पार्टी के लिए थी जिद

उत्तराखंड और हिमाचल में पहाड़ भी नहीं बचे

उधर पहाड़ी राज्यों में भी हालात सामान्य नहीं हैं. उत्तराखंड के उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. 5 अगस्त को आई आपदा के बाद से लोग पहले ही डरे हुए हैं और अब दोबारा भारी बारिश की आशंका ने चिंता बढ़ा दी है.

हिमाचल प्रदेश के हालात भी कुछ अलग नहीं हैं. शिमला मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मनाली, धर्मशाला, नाहन, पालमपुर, कल्पा और शिमला जैसे इलाकों में मूसलाधार बारिश हो सकती है.

बिजली गिरने और तेज गर्जना की भी संभावना है. प्रदेश में 599 से ज्यादा बिजली ट्रांसफार्मर ठप हो चुके हैं, जिनमें से अकेले मंडी जिले में 511 ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं. इससे बिजली और पानी की आपूर्ति दोनों बुरी तरह प्रभावित हो रही है.

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read