Duleep Trophy 2025: भारतीय क्रिकेट में घरेलू सीज़न की शुरुआत हमेशा से खास मानी जाती है. इस बार इसकी शुरुआत दलीप ट्रॉफी से हो रही है, जो आज से शुरू हो रही है.
लंबे समय तक अलग-अलग प्रयोगों के बाद यह टूर्नामेंट एक बार फिर अपने पुराने और लोकप्रिय क्षेत्रीय प्रारूप में लौट आया है. यही वजह है कि क्रिकेट प्रेमियों के साथ-साथ खिलाड़ी भी इसे लेकर काफी उत्साहित हैं.
दिग्गज खिलाड़ी करेंगे शिरकत
इस बार दलीप ट्रॉफी में छह क्षेत्रीय टीमें मैदान में उतरेंगी. पश्चिम क्षेत्र की कमान शार्दुल ठाकुर के हाथों में होगी और उनकी टीम में श्रेयस अय्यर, सरफराज खान और यशस्वी जायसवाल जैसे बड़े नाम शामिल हैं.
दूसरी ओर दक्षिण क्षेत्र की टीम की कप्तानी तिलक वर्मा करेंगे. इस टीम में देवदत्त पडिक्कल चोट से उबरकर वापसी कर रहे हैं, जबकि आर साई किशोर पर भी सबकी नज़रें टिकी होंगी.
राष्ट्रीय टीम में जगह के लिए बड़ा मौका
बीसीसीआई ने हाल ही में साफ किया है कि राष्ट्रीय टीम में शामिल न होने वाले बड़े खिलाड़ियों को घरेलू टूर्नामेंट खेलना जरूरी होगा. यही वजह है कि इस बार दलीप ट्रॉफी का महत्व और बढ़ गया है.
कई खिलाड़ी इस टूर्नामेंट को अपने लिए चयन की नई राह मान रहे हैं. मोहम्मद शमी की फिटनेस भी इसी टूर्नामेंट से परखी जाएगी, क्योंकि चोट के चलते उन्होंने टेस्ट टीम में जगह गंवाई थी.
ये भी पढ़ें- कनाडा आउट, इंडिया इन! मोदी कैबिनेट के फैसले 2030 में मिल सकती है खुशखबरी; कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए अहमदाबाद फाइनल
कप्तानों पर सबकी निगाहें
पूर्वी क्षेत्र की कमान अभिमन्यु ईश्वरन के हाथ में होगी. वे चोटिल इशान किशन की अनुपस्थिति में टीम को लीड करेंगे. उत्तर क्षेत्र में शुभमन गिल को कप्तानी सौंपी गई थी, लेकिन बीमारी के कारण वे शुरुआती मुकाबले में नहीं खेल पाएंगे.
ऐसे में उपकप्तान अंकित कुमार टीम को मैदान में लीड करेंगे. मध्य क्षेत्र से ध्रुव जुरेल और पूर्वोत्तर क्षेत्र से जोनाथन रोंगसेन कप्तानी करते दिखेंगे.
क्यों खास है यह टूर्नामेंट?
1960 के दशक से शुरू हुई दलीप ट्रॉफी ने हमेशा भारतीय क्रिकेट को नए सितारे दिए हैं. हालांकि बीते कुछ सालों में यह टूर्नामेंट चर्चा में कम रहा, लेकिन इस बार दांव बड़ा है. खिलाड़ियों को मालूम है कि अगर यहां अच्छा प्रदर्शन किया तो टीम इंडिया का दरवाज़ा उनके लिए खुल सकता है.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


