Bihar News: नवादा जिले में मंगलवार को एक ऐतिहासिक और आध्यात्मिक माहौल में जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज ने गौमतदाता संकल्प यात्रा का आयोजन किया. इस कार्यक्रम में उन्होंने 150 लोगों को गौभक्त उम्मीदवारों का समर्थन करने की शपथ दिलाई और कहा कि अब बिहार की राजनीति में सनातन धर्म और गौ माता की रक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी.
शंकराचार्य खुद करेंगे प्रचार
शंकराचार्य जी ने साफ कहा कि वे बिहार की हर विधानसभा सीट पर गौभक्त उम्मीदवार उतारेंगे और उनका प्रचार खुद करेंगे. उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने सभी राष्ट्रीय पार्टियों से संपर्क किया और उनसे पूछा कि क्या वे गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने के लिए लोकसभा में अपना पक्ष रखेंगे लेकिन किसी ने स्पष्ट जवाब नहीं दिया. इसी वजह से उन्होंने खुद चुनावी मैदान में उतरने का फैसला लिया.
‘गौ रक्षा समाज की नींव’
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा,
“गौ रक्षा सिर्फ आस्था का विषय नहीं है यह हमारी संस्कृति और समाज की नींव है. अगर हम सनातन धर्म की रक्षा करना चाहते हैं तो सबसे पहले गौ माता की रक्षा करनी होगी.”
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे आगामी विधानसभा चुनाव में सिर्फ उन्हीं उम्मीदवारों को वोट दें जो गौ माता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हों.
उम्मीदवारों की सूची पर क्या कहा?
इस आयोजन से पहले पटवासराय के एक नीजि स्कूल में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी हुई जिसमें शंकराचार्य जी ने विस्तार से अपनी योजना साझा की. उन्होंने कहा,
“नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वे औपचारिक रूप से अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करेंगे. हर सनातनी को गौ माता के प्रति अपना फर्ज निभाना चाहिए और इस अभियान का हिस्सा बनना चाहिए.”
इसे भी पढ़ें-पीएम मोदी का आज राजस्थान दौरा, बांसवाड़ा में परमाणु ऊर्जा परियोजना की आधारशिला, नोएडा में ट्रेड शो का करेंगे उद्घाटन
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद शंकराचार्य जी ने स्कूल के बच्चों से संवाद किया. उन्होंने बच्चों से कई सवाल पूछे जिनका जवाब बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ दिया. इससे खुश होकर उन्होंने स्कूल अधिकारी और बच्चों की खूब तारीफ की.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

