Bharat Express DD Free Dish

India Vs Pakistan Asia Cup: ट्रॉफी लेने से इनकार के बाद सूर्यकुमार यादव का बड़ा ऐलान, अपनी मैच फीस भारतीय सेना को किया समर्पित

India Vs Pakistan Asia Cup: पाकिस्तान को हराने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव मीडिया से मुखातिब हुए. उनके साथ अभिषेक शर्मा भी मौजूद थे. सूर्य कुमार यादव ने कहा कि मैं इस टूर्नामेंट के अपने सभी मैचों की फीस भारतीय सेना को समर्पित करना चाहता हूं.

India Vs Pakistan Asia Cup

India Vs Pakistan Asia Cup: कल रविवार 28 सितंबर 2025 को हुए भारत-पाकिस्तान एशिया कप के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया. जीत के बाद भारतीय टीम ने पाकिस्तानी गृह मंत्री और एशिया क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया. वो काफी देर तक भारतीय टीम का मंच पर इंतजार करते दिखे. इसी बीच भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बड़ा ऐलान कर सबको चौंका दिया है. उन्होंने एशिया कप टूर्नामेंट के सभी मैचों की अपनी फीस भारतीय सेना के नाम कर दिया है.

पाकिस्तान को हराने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव मीडिया से मुखातिब हुए. उनके साथ अभिषेक शर्मा भी मौजूद थे. तभी सूर्य कुमार यादव ने कहा कि “मैं इस टूर्नामेंट के अपने सभी मैचों की फीस भारतीय सेना को समर्पित करना चाहता हूं.”

भारतीय सेना को लेकर की खास अपील

प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए सूर्यकुमार यादव ने एशिया कप की ट्रॉफी नहीं मिलने पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि

हमने एक टीम के तौर पर ट्रॉफी नहीं लेने का फैसला किया. ये चीज किसी ने कही नहीं है, लेकिन मुझे लगता है कि जो टीम टूर्नामेंट जीतती है वो ही ट्रॉफी की हकदार होती है.

उन्होंने कहा कि, मैं इतने सालों तक क्रिकेट खेला. मैंने जब से क्रिकेट खेलना और क्रिकेट देखना शुरू किया है तब से मैंने यह नहीं देखा कि एक चैंपियन टीम को ट्रॉफी नहीं दी गई हो. यह ट्रॉफी कड़ी मेहनत से हासिल की गई है. मुझे लगता है कि हम इसके हकदार थे.

अवार्ड सेरेमनी 1 घंटे देरी से हुई शुरू

भारतीय टीम की जीत के बाद पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन 1 घंटे देरी से शुरू हुई. जिसकी वजह से भ्रम की स्थिति पैदा हो गई. जब अवार्ड सेरेमनी शुरू की गई तो भारतीय टीम ने ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया. इससे पहले ही भारतीय टीम ने यह बता दिया था कि अगर मोहसिन नकवी ट्रॉफी देंगे तो वो ट्रॉफी नहीं लेगी.

इसके बाद ACC के अधिकारियों ने मोहसिन नकवी को ये बात बताई, लेकिन वो फिर भी मंच पर आए और भारतीय टीम का इंतजार करते रहे. इसी दौरान आयोजन समिति ने चुपके से ट्रॉफी मंच से हटा दी.

ये भी पढ़ें- Live IND Vs PAK Asia Cup 2025 Final: भारत 9 वीं बार बना एशिया का सरताज, पाकिस्तान को 5 विकेट से हराया

BCCI की घोषणा बना चर्चा का विषय

पाकिस्तान-भारत के बीच हुए इस रोमांचक मुकाबले को देखते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने एक बयान जारी कर भारतीय टीम को 21 करोड़ रुपये नकद इनाम की घोषणा की है. BCCI सचिव ने कहा है कि वो भारतीय टीम के प्रदर्शन से बहुत खुश हैं. एक ही टूर्नामेंट में पाकिस्तान को 3 बार हराने के लिए BCCI ने भारतीय टीम को बधाई दी है.

BCCI सचिव ने कहा है कि हमें अपनी टीम पर बहुत गर्व की अनुभूति हो रही है. उन्होंने मैदान पर बेहतरीन क्रिकेट खेला. यहीं काम हमारे सशस्त्र बलों ने बॉर्डर पर भी किया है. अब ये काम भारतीय टीम ने दुबई में दोहराई है. इसलिए ये पल बेहद ही शानदार है. इसलिए हमने फैसला किया है कि भारतीय टीम को 21 करोड़ रुपये का इनाम दिया जाएगा.

– भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read