Bharat Express DD Free Dish

Weather Update: दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में आज जोरदार बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट, जानिए कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत में आज मौसम बदलने के आसार हैं. कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है. मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए 6 अक्टूबर को येलो अलर्ट जारी किया है.

Weather Update

Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में लगातार बढ़ रही गर्मी और उमस से लोगों को आज राहत मिल सकती है. मौसम विभाग का अनुमान है कि आज यानी 5 अक्टूबर को राजधानी और आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ क्षेत्रों में आंधी-तूफान के भी आसार हैं.

दिल्ली में येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने शनिवार यानी 6 अक्टूबर के लिए दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है. इस दिन 24 घंटे तक रुक-रुक कर बारिश हो सकती है और तेज हवाएं चलने की संभावना है. इससे तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है. 7 अक्टूबर को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं, 8 और 9 अक्टूबर से मौसम धीरे-धीरे साफ होना शुरू होगा. अगले कुछ दिनों में राजधानी का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. 9 अक्टूबर से आसमान पूरी तरह साफ रहने की संभावना है.

अन्य राज्यों में भी बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, आज उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी बारिश की संभावना है. इस दौरान कई जगहों पर तेज हवाएं चल सकती हैं.

ये भी पढ़ें: Weather Update: दिल्ली-NCR में मौसम का मिजाज बदला, जल्द हो सकती है बारिश, जानें IMD अपडेट

यूपी में बारिश का सिलसिला जारी

मॉनसून की विदाई के बाद भी उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर थम नहीं रहा है. राज्य के कई जिलों में हो रही बारिश ने उमस और गर्मी से राहत दी है. मौसम विभाग के मुताबिक 5 और 6 अक्टूबर को भी वर्षा जारी रहेगी. पश्चिमी यूपी में बारिश की तीव्रता पूर्वी यूपी की तुलना में ज्यादा रहने की उम्मीद है. 6 अक्टूबर को पश्चिमी जिलों में ओलावृष्टि और भारी बारिश की संभावना जताई गई है. हालांकि 7 अक्टूबर से बारिश की गतिविधियों में कमी आने लगेगी और 9 अक्टूबर से मौसम साफ और शुष्क हो जाएगा.

उत्तराखंड में तीन दिन तक भारी बारिश का अलर्ट

उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है. पहाड़ से लेकर मैदान तक बादल छाए हुए हैं और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए राज्य में भारी बारिश, ओलावृष्टि और आंधी का अलर्ट जारी किया है. हरिद्वार, देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है. अगले कुछ दिनों में उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि के चलते तापमान में गिरावट आएगी. 9 अक्टूबर के बाद मौसम के साफ होने की संभावना है.

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read