गाजीपुर में शोक की लहर! समाजसेवा की मिसाल रहे राजेश राय का निधन, नम आंखों से भाई उपेंद्र राय ने दी अंतिम विदाई
CMD Upendrra Rai Brother Death: भारत एक्सप्रेस न्यूज़ नेटवर्क के सीएमडी एवं एडिटर-इन-चीफ उपेंद्र राय के बड़े भाई राजेश राय अब हमारे बीच नहीं रहे. बीते शनिवार, 25 अक्टूबर को दिल्ली के एक निजी अस्पताल में उनका निधन हो गया. वे कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और दिल का दौरा पड़ने से उनका देहांत हो गया. आज 27 अक्टूबर को उनके पैतृक गांव शेरपुर कला (मोहम्मदाबाद, गाज़ीपुर) में उन्हें अंतिम विदाई दी गई. इस दौरान सीएमडी उपेंद्र राय भी मौजूद रहे और नम आंखों से अपने बड़े भाई को विदा किया.
उनके निधन की खबर से परिवार, मीडिया जगत और गाज़ीपुर जिले में शोक की लहर दौड़ गई. स्वर्गीय राजेश राय के अंतिम संस्कार में भारी संख्या में ग्रामीण, शुभचिंतक, सामाजिक कार्यकर्ता और पत्रकार श्मशान घाट पहुंचे और उनको श्रद्धांजलि दी.

समाजवेसा का मिसाल था राजेश राय का जीवन
सीएमडी उपेंद्र राय के बड़े भाई स्वर्गीय राजेश राय का जीवन समाजसेवा और सहयोग की एक अनोखी मिसाल था. वे अपने शांत, विनम्र और उदार स्वभाव के कारण हर किसी के प्रिय थे. समाज में उनका योगदान इतना गहरा था कि उनके जाने से न केवल परिवार, बल्कि पूरा गाज़ीपुर जिला शोकाकुल है. वे हमेशा लोगों की मदद के लिए तत्पर रहते थे और अपने गांव तथा आसपास के क्षेत्रों के विकास के लिए लगातार प्रयासरत थे.

अंतिम संस्कार में पहुंचे हजारों लोग
आज उनके अंतिम संस्कार में मौजूद सभी लोगों ने नम आंखों से अपने प्रिय राजेश राय को श्रद्धांजलि अर्पित की. ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने अपने जीवन के अंतिम दिनों तक लोगों की सेवा जारी रखी और सादगीपूर्ण जीवन जीते हुए सबके लिए प्रेरणा बन गए.
सहारा इंडिया परिवार से रहा लंबा जुड़ाव
सीएमडी उपेंद्र राय के बड़े भाई राजेश राय का सहारा इंडिया परिवार से भी लंबा जुड़ाव रहा. उन्होंने इस संस्था के साथ जुड़कर वर्षों तक समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाई. उनके कार्यकाल में उन्होंने कई सामाजिक पहल और ग्रामीण विकास कार्यक्रमों में योगदान दिया. सहारा परिवार में उन्हें उनके ईमानदार और समर्पित स्वभाव के कारण बेहद सम्मान प्राप्त था.

सेवा ही धर्म है की भावना से प्रेरित रहा जीवन
उनका जीवन हमेशा “सेवा ही धर्म है” की भावना से प्रेरित रहा. वे मानते थे कि किसी व्यक्ति की सच्ची पहचान उसके कर्म और समाज के प्रति समर्पण से होती है. उनकी यही सोच उन्हें आम लोगों के बीच लोकप्रिय बनाती थी.
ये भी पढ़ें- ब्रिटेन में बढ़े नफरती हमले! वेस्ट मिडलैंड्स में भारतीय मूल की महिला से रेप, पुलिस ने जारी किया CCTV फुटेज
दिग्गज नेताओं ने व्यक्त किया शोक
उनके निधन पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, कई वरिष्ठ पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है. सभी ने कहा कि राजेश राय जी जैसे लोग समाज में मानवता और सेवा का सच्चा उदाहरण हैं. उनका असमय जाना समाज और मीडिया जगत दोनों के लिए अपूर्णीय क्षति है.
गाज़ीपुर जिले के लोग उन्हें एक ऐसे व्यक्ति के रूप में याद कर रहे हैं जिन्होंने अपने कर्मों से यह साबित किया कि सादगी में भी महानता छिपी होती है. वे अपने जीवन के अंतिम दिनों तक सक्रिय रहे और लोगों की भलाई के लिए समर्पित रहे. उनकी आखिरी विदाई के दौरान प्रमुख रूप से श्री नंदकिशोर राय,अवध किशोर राय,अशोक राय, डॉ निरंजन राय, राकेश राय, नरेंद्र राय नन्हे, भाजपा के वरिष्ठ नेता विनोद राय, अरविंद राय, विधायक डॉ वीरेंद्र यादव, अजीत राय, विनीत राय, राम भवन राय, पंकज राय, भाजपा नेता एवं व्यापारी संतोष राय, देश के जाने-माने व्यवसायी अक्षय आनंद, भारत एक्सप्रेस न्यूज़ नेटवर्क के ग्रुप मैनेजिंग एडिटर श्री राधे श्याम राय, श्री संजय स्नेही, श्री आशीष सिंह, एडमिन हेड भारत एक्सप्रेस न्यूज़ नेटवर्क श्री सुदेश तिवारी, भारत एक्सप्रेस न्यूज़ नेटवर्क के यूपी हेड श्री पवन सिंह सेंगर और भारत एक्सप्रेस परिवार के सभी ब्यूरो के सदस्य उपस्थित रहे.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
