Bharat Express DD Free Dish

GLF 2025: पूर्वांचल का सबसे बड़ा साहित्यिक महोत्सव, 7-9 नवंबर को गाजीपुर में जुटेंगी हस्तियां, CMD उपेन्‍द्र राय ने की ये अपील

Ghazipur Literature Festival 2025: उत्तर प्रदेश के वाराणसी और गाजीपुर जिले में 7 नवंबर से GLF 2025 आयोजित होने जा रहा है. इसमें वैश्विक हस्तियां कला-साहित्‍य एवं नृत्य की प्रस्‍तुतियां देंगी. भोजपुरी का ज्ञान-कौशल दिखेगा. थीम ‘जड़ों की ओर’ से आगाज होगा.

Ghazipur literature festival 2025

Ghazipur Lit Fest 2025: पूर्वांचल की सांस्कृतिक धरती पर एक ऐतिहासिक अध्याय लिखने जा रहा है- ‘गाजीपुर लिटरेचर फेस्टिवल’ (GLF). भारत डायलॉग्स के बैनर तले एवं भारत एक्सप्रेस के सौजन्य से प्रस्तुत इस महोत्सव का प्रथम संस्करण 7 से 9 नवंबर 2025 तक भव्य रूप से आयोजित होगा. इसमें थीम ‘जड़ों की ओर’ के तहत भारतीय परंपरा, लोककला, साहित्य और गिर्मिटिया प्रवासी धरोहर पर गहन चर्चाएं होंगी, जो स्थानीय से राष्ट्रीय और वैश्विक संवाद का सेतु बनाएंगी.

गाजीपुर आएं, ऐतिहासिक पल का हिस्सा बनें: CMD उपेंद्र राय

भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर उपेंद्र राय ने कहा, “यह उत्सव गाजीपुर की धरोहर को नए अंदाज में मनाने का अभूतपूर्व अवसर है. 7 नवंबर को वाराणसी और 8-9 को गाजीपुर में आइए, इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा बनें.” उन्होंने फेस्टिवल की भव्यता पर जोर देते हुए कहा कि यह पूर्वांचल की साहित्यिक चेतना को नया आयाम देगा. भारत डायलॉग्स की सह-संस्थापक पूजा प्रियंवदा भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी.

Ghazipur literature festival 2025 upendra rai

यह अब तक का सबसे बड़ा साहित्य एवं कला समारोह

पूर्वांचल के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा साहित्य एवं कला समारोह माने जाने वाले इस आयोजन में करीब 100 देशों से नामचीन हस्तियां शिरकत करेंगी, जो गाजीपुर की गौरवशाली साहित्यिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पटल पर उजागर करेगा. इस महोत्सव का उद्घाटन 7 नवंबर को वाराणसी के होटल दी क्लार्क्स में होगा, जबकि मुख्य कार्यक्रम 8 और 9 नवंबर को गाजीपुर के होटल नंद रेजिडेंसी तथा प्राचीन रामलीला मैदान, लंका में संपन्न होंगे.

Ghazipur literature festival 2025 piC

भोजपुरी की वैश्विक पहचान की झलक दिखाएगा उत्सव

भारत डायलॉग्स के सह-संस्थापक एवं फेस्टिवल निदेशक विवेक सत्यमित्रम ने बताया कि यह उत्सव भोजपुरी की वैश्विक पहचान को मजबूत करेगा, जिसमें मॉरीशस, त्रिनिदाद एंड टोबैगो, सूरीनाम, फिजी, नॉर्वे जैसे देशों से गिर्मिटिया आवाजें गूंजेंगी. उनकी मानें तो जीएलएफ गाजीपुर को राष्ट्रीय मानचित्र पर स्थापित करेगा, जहां साहित्यकार, विद्वान, कवि, फिल्मकार और कलाकार क्षेत्रीय कथाओं को पुनर्जीवित करेंगे. भोजपुरी की वैश्विक छाप को सम्मान देते हुए, यह गिर्मिटिया कनेक्शन के जरिए साझा विरासत पर वैश्विक संवाद रचेगा. फेस्टिवल में सत्र, प्रदर्शनियां, वर्कशॉप और सांस्कृतिक संध्याएं शामिल होंगी, जो 4:15 बजे तक चलेगी.

इस लिट फेस्ट में पहुंचने वाले विशेष अतिथियों में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, राज्यसभा उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह, दक्षिण अफ्रीका के उच्चायुक्त प्रो. अनिल सुकलाल, कवि लॉरिएट एचआरएच प्रिंस जोलानी म्किवा, सांसद मनोज तिवारी, लेखक आनंद नीलकांतन, सामाजिक कार्यकर्ता अंशु गुप्ता जैसे दिग्गज शामिल हैं. वहीं, वक्ताओं में पुष्पेश पंत (खान-पान इतिहासकार), डॉ. रंजना कुमारी (सामाजिक शोध केंद्र निदेशक), वरिष्ठ अभिनेता आंजन श्रीवास्तव, थिएटर व्यक्तित्व एम.के. रैना, दस्तानगो फौजिया दस्तानगो, पारंपरिक गायिका कल्पना पटोवरी, अनन्या गौर, भोजपुरी गायक चंदन तिवारी, राज मोहन और रितेश यादव जैसे कलाकार प्रदर्शन करेंगे.

Ghazipur literature festival 2025 bharat express

गाजीपुर: ऐसे कराएं जीएलएफ 2025 का पंजीकरण

गाजीपुर में होने जा रहे जीएलएफ के पंजीकरण के लिए Ghazipurliteraturefestival.com पर जाएं. इस वेबसाइट पर आपको GLF2025 से संबंधित पूरी जानकारी मिल जाएगी. यह आयोजन न केवल साहित्य प्रेमियों के लिए वरदान माना जा रहा है, बल्कि पूर्वांचल की युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने वाला आयोजन भी बताया जा रहा है.

यह भी पढ़िए: भारतीय पत्रकारिता महोत्सव में भारत एक्सप्रेस के CMD उपेन्द्र राय का संबोधन, बोले- AI खतरा नहीं, बल्कि क्रांति है

Also Follow Bharat Express on Youtube



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read