बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के परिणाम साफ होने लगे हैं. राज्य की 243 सीटों पर हुई मतगणना के रुझानों में NDA क्लीन स्वीप करती दिख रही है. अब तक के रुझानों में NDA 206 सीटों पर आगे है और 2 सीटें जीत चुकी है, जबकि महागठबंधन 28 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. इन शानदार नतीजों के बीच एक प्रमुख बात यह उभरकर सामने आई है कि बिहार की राजनीति में किस्मत आजमाने वाले ट्रेंडिंग स्टार्स का जादू चुनाव में नहीं चल पाया. उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग वोटों में तब्दील होने में नाकाम रही, जिसके चलते ये सितारे हार की ओर बढ़ रहे हैं.
स्टार पावर फेल: खेसारी लाल यादव न जीत पाए
भोजपुरी सिनेमा और संगीत जगत के दो बड़े नाम, खेसारी लाल यादव और रितेश पांडे, चुनावी मैदान में अपनी लोकप्रियता को जीत में नहीं बदल पाए.
खेसारी लाल यादव, जिन्हें ‘ट्रेंडिंग स्टार’ भी कहा जाता है, छपरा विधानसभा सीट से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के टिकट पर चुनाव लड़ रहे थे. शाम 4:20 बजे तक के मतगणना अपडेट के अनुसार, खेसारी लाल यादव भारतीय जनता पार्टी (BJP) की छोटी कुमारी से पीछे चल रहे हैं.
उन्होंने अपनी जीत के लिए जमकर प्रचार किया और उनकी रैलियों में भारी भीड़ भी उमड़ी, लेकिन यह जनसैलाब वोट में नहीं बदल सका और वे अपना पहला चुनाव हार रहे हैं. दोपहर 3 बजे तक वे 1,960 वोटों से पीछे चल रहे थे.

भोजपुरी सिंगर रितेश पांडे भी चुनाव हार रहे
मशहूर भोजपुरी सिंगर रितेश पांडे भी प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी से करगहर विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतरे थे. दोपहर 3 बजे तक के मतगणना अपडेट के अनुसार, रितेश पांडे को सिर्फ 7,889 वोट मिल सके हैं और वे चौथे नंबर पर चल रहे हैं. उनका मुकाबला NDA और महागठबंधन के उम्मीदवारों से था, जिसमें वे काफी पीछे छूट गए.
यूट्यूबर मनीष कश्यप और ज्योति सिंह भी हारे
- ट्रेंडिंग स्टार्स की हार की सूची में चर्चित यूट्यूबर त्रिपुरारी कुमार तिवारी उर्फ मनीष कश्यप और भोजपुरी स्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह का नाम भी शामिल है.
- चनपटिया सीट से चुनाव लड़ रहे मनीष कश्यप दोपहर 3 बजे तक के अपडेट में 44,259 वोटों से पीछे चल रहे थे.
- वहीं, काराकाट विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रहीं ज्योति सिंह भी पीछे हैं और तीसरे नंबर पर बनी हुई हैं.
NDA की रिकॉर्ड जीत, नीतीश कुमार 10वीं बार बन सकते हैं CM
बिहार के पूरे चुनावी परिदृश्य में NDA रिकॉर्ड जीत की ओर बढ़ रही है. 04:25 PM के अपडेट के मुताबिक, NDA 206 सीटों पर आगे है, जो 2020 के मुकाबले 65 से ज्यादा सीटों का फायदा है. JDU पिछली बार की 43 सीटों के मुकाबले इस बार 75+ पर आगे है, जिससे नीतीश कुमार 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं. BJP 96 सीटों पर बढ़त के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर रही है.
ट्रेंडिंग स्टार्स की हार यह साफ संदेश देती है कि लोकप्रियता और चुनावी जीत दो अलग-अलग बातें हैं. बिहार के मतदाताओं ने स्टारडम के बजाय पार्टी और स्थानीय समीकरणों को प्राथमिकता दी है.
चुनावी चर्चा से PK गायब! मांगते थे दूसरों की डिग्री, खुद हुए फेल, NOTA से भी पीछे छूटी जन सुराज
Also Follow Bharat Express on Youtube
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


