Bharat Express DD Free Dish

बच्चों का भविष्य सुरक्षित करने के लिए पेरेंट्स की खास निवेश योजनाएं, एनपीएस से लेकर एफडी तक

आजकल माता-पिता बच्चों के जन्म से ही उनके नाम पर निवेश शुरू कर देते हैं. NPS वात्सल्य, PPF, RD, म्यूचुअल फंड और FD जैसी योजनाएं बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने में मदद करती हैं.

Child Investment Plans: आजकल पढ़ाई से लेकर हेल्थ सर्विस तक सब कुछ महंगा होता जा रहा है. ऐसे में माता-पिता अपने बच्चों का भविष्य सुरक्षित करने के लिए पहले से ही निवेश करना शुरू कर देते हैं. बच्चे के जन्म के साथ ही पेरेंट्स उनके नाम पर सेविंग और इंवेस्टमेंट प्लान चुनते हैं ताकि बड़े होने पर उन्हें आर्थिक मजबूती मिल सके. आइए जानते हैं कुछ ऐसी योजनाओं के बारे में जिनमें निवेश करके बच्चों का भविष्य सुरक्षित किया जा सकता है.

NPS वात्सल्य योजना

नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) के तहत नाबालिगों के लिए खास योजना है एनपीएस वात्सल्य. इसमें माता-पिता अपने बच्चों के नाम से रिटायरमेंट सेविंग अकाउंट खोल सकते हैं. बच्चे के 18 साल का होते ही यह खाता स्वतः ही स्टैंडर्ड एनपीएस टियर-I अकाउंट में बदल जाता है. इसमें कंपाउंडिंग इंट्रस्ट का फायदा मिलता है और सेविंग तेजी से बढ़ती है. न्यूनतम वार्षिक योगदान 1,000 रुपये है और इसकी कोई ऊपरी सीमा नहीं है.

नाबालिगों के लिए PPF

पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) बच्चों के लिए लॉन्गटर्म सेविंग का बेहतरीन विकल्प है. इसमें 15 साल की लॉक-इन अवधि होती है और टैक्स बेनिफिट भी मिलता है. ब्याज चक्रवृद्धि होता है यानी समय के साथ सेविंग तेजी से बढ़ती है. पेरेंट्स अपने बच्चों के नाम पर पीपीएफ अकाउंट खोल सकते हैं. आंशिक निकासी केवल खास परिस्थितियों में ही संभव है और यह पैसा बच्चे के हित में ही इस्तेमाल किया जा सकता है.

बच्चों के लिए रिकरिंग डिपॉजिट (RD)

कई बैंक बच्चों के लिए स्पेशल रिकरिंग डिपॉजिट स्कीम्स ऑफर करते हैं. इसमें हर महीने एक तय राशि जमा करनी होती है और उस पर ब्याज मिलता है. निवेश राशि कम होती है और ब्याज दर ज्यादा होती है. अलग-अलग बैंकों में ब्याज दर अलग हो सकती है. यह उन पेरेंट्स के लिए अच्छा विकल्प है जो नियमित रूप से छोटी-छोटी सेविंग करना चाहते हैं.

बच्चों के लिए म्यूचुअल फंड

बच्चों के लिए खास म्यूचुअल फंड स्कीम्स भी उपलब्ध हैं. ये सामान्य म्यूचुअल फंड की तरह ही काम करते हैं लेकिन बच्चों के भविष्य के खर्चों को ध्यान में रखकर बनाए गए हैं. कुछ लोकप्रिय योजनाएं एचडीएफसी चिल्ड्रन्स फंड, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल चाइल्ड केयर फंड (गिफ्ट प्लान), टाटा यंग सिटिजन्स फंड और यूटीआई चिल्ड्रन्स इक्विटी फंड हैं.

बच्चों के लिए एफडी

फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) को सबसे सुरक्षित निवेश माना जाता है. इसमें एकमुश्त राशि जमा की जाती है और उस पर तय ब्याज मिलता है. सेविंग अकाउंट की तुलना में एफडी पर ज्यादा ब्याज मिलता है. कई बैंक बच्चों के लिए खास एफडी योजनाएं भी पेश करते हैं. जैसे PNB बालिका शिक्षा योजना, पीएनबी उत्तम नॉन-कॉलेबल टर्म डिपॉजिट, यस बैंक चिल्ड्रन एफडी और एसबीआई नाबालिग एफडी.

ये भी पढ़ें-कौन हैं रमीज? करारी हार के बाद लालू परिवार में फूट, तेजस्वी के सलाहकार संजय और रमीज निशाने पर

अगर माता-पिता चाहते हैं कि उनके बच्चों को भविष्य में आर्थिक मजबूती मिले तो उन्हें अभी से निवेश शुरू करना चाहिए. चाहे एनपीएस हो, पीपीएफ, आरडी, म्यूचुअल फंड या एफडी हर विकल्प बच्चों के लिए एक सुरक्षित और मजबूत फाइनेंशियल बैकअप तैयार करता है. सही योजना चुनकर पेरेंट्स अपने बच्चों का भविष्य सुरक्षित कर सकते हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read