Bharat Express DD Free Dish

Indian Stock Market: सपाट शुरुआत के बाद शेयर बाजार में आईटी सेक्टर चमका, बैंकिंग शेयरों में दबाव

भारतीय शेयर बाजार ने बुधवार को मिलेजुले वैश्विक संकेतों के बीच सपाट शुरुआत की. शुरुआती कारोबार में आईटी सेक्टर ने मजबूत बढ़त दिखाई, वहीं बैंकिंग और एफएमसीजी शेयर लाल निशान में रहे.

Indian Stock Market

Indian Stock Market: वैश्विक बाजारों से मिलेजुले संकेतों के कारण भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत बुधवार के कारोबारी सत्र में सपाट हुई. सुबह 9:28 पर सेंसेक्स 29 अंक की मामूली तेजी के साथ 84,702 और निफ्टी 2 अंक की बढ़त के साथ 25,911 पर था.

कारोबार में बाजार के कुछ सेगमेंट्स में बड़ी तेजी देखने को मिल रही है. निफ्टी आईटी इंडेक्स 1.11 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है. इसके अलावा, ऑटो, मेटल और सर्विसेज हरे निशान में थे. दूसरी तरफ पीएसयू बैंक, फाइनेंशियल सर्विसेज, फार्मा, एफएमसीजी, रियल्टी, एनर्जी, इन्फ्रा और कमोडिटीज इंडेक्स लाल निशान में कारोबार कर रहे थे.

आईटी स्टॉक्स मजबूत तो बैंकिंग शेयरों में दबाव

लार्जकैप और स्मॉलकैप में मिलाजुला कारोबार हो रहा है. निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 50 अंक या 0.08 प्रतिशत की तेजी के साथ 60,872 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 31 अंक की मामूली कमजोरी के साथ 18,123 पर था.

सेंसेक्स पैक में इन्फोसिस, एचयूएल, टीसीएस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा स्टील और अल्ट्राटेक सीमेंट गेनर्स थे. एचडीएफसी बैंक, बीईएल, पावर ग्रिड, सन फार्मा, आईटीसी, बजाज फिनसर्व, एलएंडटी, एशियन पेंट्स, इटरनल और एक्सिस बैंक लूजर्स थे.

ये भी पढ़ें- भारत का मीडिया और एंटरटेनमेंट सेक्टर 2027 तक 30 अरब के आंकड़े को छूने की राह पर, 7 प्रतिशत CAGR से बढ़ेगा

गिरावट पर चुनिंदा सेक्टर्स में खरीद की सलाह

बाजार के जानकारों का कहना है कि किसी बड़े संकेत के मौजूद न होने के कारण भारतीय शेयर बाजार आने वाले समय में एक सीमित दायरे में रहेंगे. बाजार में निवेशकों को चुनिंदा सेक्टर में गिरावट पर खरीदारी की रणनीति को अपनाना चाहिए और अधिक वैल्यूएशन वाले लार्ज, मिड और स्मॉल कैप स्टॉक्स से दूर रहना चाहिए.

वैश्विक बाजारों में भी मिलाजुला कारोबार हो रहा था. टोक्यो और जकार्ता हरे निशान में थे, जबकि सोल, हांगकांग और शंघाई लाल निशान में थे. कच्चे तेल में भी कमजोरी बनी हुई है. डब्ल्यूटीआई क्रूड 0.36 प्रतिशत की गिरावट के साथ 60.45 डॉलर प्रति बैरल और ब्रेंट क्रूड 0.35 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 64.66 डॉलर प्रति बैरल पर था.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read