Red Fort Blast Probe: दिल्ली पुलिस ने अब पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) से जुड़े एक खतरनाक आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है. स्पेशल सेल ने उत्तर भारत के अलग-अलग राज्यों से तीन आतंकियों को गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि गिरफ्तार किए गए इन आतंकियों के तार पाकिस्तान में बैठे कुख्यात गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े हुए हैं.
पाकिस्तान में बैठे शहजाद भट्टी से संपर्क में थे आतंकी
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आतंकी पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के सीधे संपर्क में थे. ये तीनों आतंकी उत्तर भारत के रहने वाले हैं और इनकी गिरफ्तारी उत्तर प्रदेश, पंजाब और मध्य प्रदेश में की गई है. स्पेशल सेल को संदेह है कि यह आतंकी मॉड्यूल दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के कई प्रमुख शहरों में बड़े आतंकी हमलों की साजिश रच रहा था. इनके निशाने पर भीड़भाड़ वाले बाजार, धार्मिक स्थल और वीआईपी इलाके थे.

लाल किला ब्लास्ट और अनमोल बिश्नोई से कनेक्शन
सुरक्षा एजेंसियां इन गिरफ्तारियों को हाल ही में हुए लाल किला ब्लास्ट की घटना से भी जोड़कर देख रही हैं. हालांकि, एजेंसियों ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि गिरफ्तार किए गए इन तीनों आतंकियों का लाल किला ब्लास्ट के मुख्य आरोपी डॉ. उमर उन नबी से कोई सीधा संबंध है या नहीं.
इस बीच, गिरफ्तार आतंकियों के जिस गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े होने की बात सामने आई है, उसका नाम हाल ही में एक हाई-प्रोफाइल मामले में भी आया था. गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई ने शनिवार (30 नवंबर 2025) को एनआईए कोर्ट में अर्जी दाखिल कर शहजाद भट्टी से अपनी जान को खतरा बताया था और सुरक्षा की मांग की थी.

अनमोल बिश्नोई ने कहा- हमें हत्या की धमकी दी
अनमोल बिश्नोई ने कोर्ट को बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो में शहजाद भट्टी ने उसे और उसके परिवार को खुलेआम हत्या की धमकी दी है. मार्च 2025 में जालंधर में एक यूट्यूबर के घर ग्रेनेड हमले की जिम्मेदारी भी इसी गैंगस्टर ने ली थी, जिससे यह खतरा और भी गंभीर माना जा रहा है. दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल तीनों आतंकियों से पूछताछ कर रही है और इस पूरे टेरर-गैंगस्टर नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है.
दिल्ली ब्लास्ट केस में हल्द्वानी से मौलाना कासमी गिरफ्तार, NIA ने अब तक कीं 8 गिरफ्तारियां
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

