अडानी समूह का नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMIAL) 25 दिसंबर से आम यात्रियों के लिए शुरू होने जा रहा है. एयरपोर्ट शुरू होते ही यात्रियों को हाई-स्पीड फ्री वाई-फाई की सुविधा मिलेगी. कंपनी यहां एक खास ‘डिजिटल-फर्स्ट’ सिस्टम लागू कर रही है, जिससे यात्रियों का सफर आसान और हाई-टेक होगा. जानकारी के मुताबिक, जैसे ही यात्री एयरपोर्ट के फ्री वाई-फाई से कनेक्ट होंगे, उन्हें ‘अडानी वन ऐप’ (Adani One App) के जरिए रियल-टाइम अपडेट मिलने लगेंगे. वहीं नेटवर्क के लिए BSNL अडानी ग्रुप की डील हुई है.
मोबाइल बनेगा आपका ‘वर्चुअल असिस्टेंट’
अडानी वन ऐप’ (Adani OneApp) एक वर्चुअल असिस्टेंट की तरह काम करेगा. फ्लाइट का स्टेटस, बोर्डिंग गेट की जानकारी, शेड्यूल और अन्य जरूरी मैसेज सीधे आपके मोबाइल पर आएंगे. इसका मकसद यह है कि यात्रियों को जानकारी के लिए बार-बार पूछताछ काउंटर या डिस्प्ले बोर्ड के चक्कर न लगाने पड़ें. इस ऐप पर खाने-पीने की दुकानों, शॉपिंग स्टोर्स और लाउंज की जानकारी भी मिलेगी, ताकि यात्री अपना समय बेहतर प्लान कर सकें.
हाई-स्पीड इंटरनेट की गारंटी
एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि नेटवर्क को इस तरह डिजाइन किया गया है कि भीड़-भाड़ के समय भी इंटरनेट की स्पीड कम न हो. यात्री आसानी से मैसेजिंग, डिजिटल पेमेंट, कैब बुकिंग, वीडियो कॉल और वीडियो स्ट्रीमिंग कर सकेंगे. कनेक्टिविटी को और मजबूत बनाने के लिए एयरपोर्ट ने सरकारी कंपनी BSNL के साथ साझेदारी की है
BSNL के साथ अडानी ग्रुप की साझेदारी
- यह ‘मेड इन इंडिया’ पहल का हिस्सा है, जिसमें BSNL की स्वदेशी तकनीक का इस्तेमाल होगा.
- BSNL यहां अपना 4G नेटवर्क दे रहा है, जो 5G के लिए भी तैयार है.
- यात्रियों और एयरपोर्ट स्टाफ को वॉइस कॉल और डेटा की सुविधा BSNL के जरिए मिलेगी.
ये भी पढ़ें: ‘तो अगला फिर जन्म लूंगा…’ क्या है RSS प्रमुख के ‘अगले जन्म’ का प्लान? मोहन भागवत ने बताया फ्यूचर
2 करोड़ यात्रियों के लिए होगा तैयार
नवी मुंबई एयरपोर्ट का पहला चरण 19,650 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ है. शुरुआत में यहां से सीमित उड़ानें चलेंगी, जिन्हें बाद में बढ़ाया जाएगा. पहले चरण में यह एयरपोर्ट सालाना 2 करोड़ यात्रियों को संभाल सकेगा. भविष्य में इसकी क्षमता 9 करोड़ यात्रियों तक करने की योजना है. इससे मुंबई के मौजूदा एयरपोर्ट पर भीड़ का दबाव कम होगा. 25 दिसंबर को ओपनिंग से पहले सभी डिजिटल सेवाओं की टेस्टिंग चल रही है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

