Bharat Express DD Free Dish

बेटों ने अजित पवार को दी मुखाग्नि, जवानों ने आखिरी बार किया सैल्यूट

Ajit Pawar Last Rites Live: विमान हादसे में जान गंवाने वाले महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का आज 11 बजे बारामती में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार होगा. राज्य में 3 दिन का शोक घोषित.

Ajit Pawar Funeral: महाराष्ट्र की राजनीति के कद्दावर नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार का गुरुवार को उनके गृह नगर बारामती में अंतिम संस्कार कर दिया गया. बारामती के काटेवाड़ी स्थित विद्या प्रतिष्ठान मैदान में हुए अंतिम संस्कार के दौरान एक जनसैलाब उमड़ पड़ा. हर आंख नम थी और हर जुबां पर ‘दादा’ का नाम था. पूरे राजकीय सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई, जिसके बाद उनके दोनों बेटों पार्थ और जय पवार ने उन्हें मुखाग्नि दी.

सियासी दिग्गजों का जमावड़ा

परिवार का रो-रोकर बुरा हाल दुख की इस घड़ी में पूरा पवार परिवार एकजुट नजर आया. अंतिम संस्कार के वक्त अजित पवार के चाचा और एनसीपी (SP) प्रमुख शरद पवार, चचेरी बहन सुप्रिया सुले और पत्नी सुनेत्रा पवार बेहद भावुक नजर आए. पार्थ और जय पवार ने नम आंखों से पिता के अंतिम संस्कार की रस्में निभाईं.

अजित पवार के अंतिम दर्शन के लिए देश और राज्य के बड़े नेताओं का तांता लगा रहा. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, गोवा के सीएम प्रमोद सावंत, पूर्व गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे, आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश और मनसे प्रमुख राज ठाकरे समेत कई दिग्गजों ने बारामती पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.

बुधवार को हुआ था दर्दनाक हादसा

गौरतलब है कि बुधवार (28 जनवरी) सुबह 8:45 बजे एक विमान हादसे में 66 वर्षीय अजित पवार का निधन हो गया था. यह हादसा तब हुआ जब उनका चार्टर्ड प्लेन बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग की कोशिश कर रहा था. इस क्रैश में अजित पवार के अलावा उनके निजी सुरक्षाकर्मी (PSO), दो पायलट और एक महिला क्रू मेंबर समेत कुल 5 लोगों की मौत हो गई थी.

ये भी पढ़ें: दिल्ली के कई स्कूलों को बम धमकी, पुलिस ने खाली कराया परिसर और बढ़ाई सुरक्षा

चुनावी रैलियों के लिए जा रहे थे

दादा अजित पवार 5 फरवरी को पुणे में होने वाले जिला परिषद चुनावों के प्रचार के लिए जा रहे थे. उन्हें 4 रैलियों को संबोधित करना था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था. उनके आकस्मिक निधन के बाद महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में 3 दिन का राजकीय शोक घोषित किया है, जिस दौरान राष्ट्रीय ध्वज झुका रहेगा और कोई भी सरकारी मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित नहीं होगा.

यहां पढ़ें हर अपडेट.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
    Tags:

Also Read