Bharat Express DD Free Dish

महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि; पीएम मोदी ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि, बोले- ‘बापू के आदर्श हमारे मार्गदर्शक रहेंगे’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर नई दिल्ली स्थित गांधी स्मृति में प्रार्थना सभा में भाग लिया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित गांधी स्मृति में आयोजित प्रार्थना सभा में भाग लिया. महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बापू का जीवन लाखों लोगों के लिए आशा का स्रोत है.

प्रार्थना सभा के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर गांधी स्मृति की कुछ तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि मैंने गांधी स्मृति में आयोजित प्रार्थना सभा में भाग लिया.

उन्होंने कहा कि बापू का जीवन लाखों लोगों के लिए आशा का स्रोत है. उनके प्रयासों ने हमारे स्वतंत्रता आंदोलन की दिशा बदल दी और भारत की यात्रा पर एक अमिट छाप छोड़ी, जिसका प्रभाव पीढ़ियों तक महसूस किया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की. उनके शाश्वत आदर्श हमारे राष्ट्र के मार्ग का मार्गदर्शन करते रहेंगे. हम उनके सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हैं और न्याय, सद्भाव और मानवता की सेवा पर आधारित भारत के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं.

इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने महात्मा गांधी को उनकी 78वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर मेरा शत-शत नमन. पूज्य बापू का हमेशा स्वदेशी पर बल रहा, जो विकसित और आत्मनिर्भर भारत के हमारे संकल्प का भी आधारस्तंभ है. उनका व्यक्तित्व और कृतित्व देशवासियों को कर्तव्य पथ पर चलने के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा.”

उन्होंने कहा कि पूज्य बापू ने मानवता की रक्षा के लिए हमेशा अहिंसा पर बल दिया. इसमें वह शक्ति है जो बिना हथियार के दुनिया को बदल सकती है. अहिंसा परमो धर्मस्तथाऽहिंसा परन्तपः. अहिंसा परमं सत्यं यतो धर्मः प्रवर्तते॥

जीपीओ पार्क में बापू को भावभीनी श्रद्धांजलि

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के जीपीओ पार्क में स्थापित गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी. श्रद्धा व सम्मान के वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर बापू को नमन किया.

यह भी पढ़े: ‘विकसित भारत’ के विजन को नई गति; पीएम मोदी ने भारत-EU ट्रेड डील को बताया ऐतिहासिक, खुलेंगे रोजगार के नए द्वार

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read