Parliament Session 2026: संसद के बजट सत्र (Budget Session) का आधा पांचवां दिन (मंगलवार) भी हंगामे की भेंट चढ़ गया. भारत-अमेरिका व्यापार समझौते (India-US Trade Deal) को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरने की कोशिश की, जिसके चलते लोकसभा की कार्यवाही दिन भर बाधित रही. कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने आरोप लगाया कि इस डील में किसानों के हितों से समझौता किया गया है. भारी शोर-शराबे के कारण लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला (Om Birla) को सदन की कार्यवाही पहले 12 बजे तक और फिर दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी.
सुबह 11 बजे जैसे ही लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई, यह महज 8 मिनट ही चल सकी. विपक्षी सांसद वेल (Well) में आ गए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. ऐसे में 12 बजे तक के लिए सभा को स्थगित कर दिया गया. दोबारा 12 बजे बैठक शुरू हुई तो हंगामा जारी रहा जिससे 13 मिनट में ही दोबारा से 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया.
स्पीकर ने जताई भारी नाराजगी
Parliament Budget Session में हंगामे से नाराज स्पीकर ओम बिरला ने विपक्ष को फटकार लगाते हुए कहा कि क्या प्रश्नकाल में वेल में आकर हंगामा करने का कोई तर्क है? आप नियोजित तरीके से हंगामा करते हैं. यह नियमों के खिलाफ है. आप सदन नहीं चलने देना चाहते.
विपक्ष क्यों कर रहा है हंगामा?
विपक्ष का मुख्य मुद्दा भारत-अमेरिका के बीच हुई हालिया ट्रेड डील है. संसद भवन परिसर में भी विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी की. उनका आरोप है कि सरकार ने डील को अंतिम रूप देने से पहले किसानों को विश्वास में नहीं लिया. यह समझौता भारतीय कृषि बाजार और किसानों की आजीविका पर बुरा असर डालेगा. विपक्ष ने मांग की है कि सरकार डील के सभी विवरण तत्काल सदन के पटल पर रखे.
ये भी पढ़ें: ‘मैंने कहा था वर्ल्ड ऑर्डर बदलेगा, अब वो भारत के पक्ष में….’, NDA बैठक में US Trade Deal पर क्या बोले PM मोदी?
सरकार बोली- हताश है विपक्ष
राज्यसभा में भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा (JP Nadda) ने विपक्ष के आरोपों को खारिज किया. नड्डा ने कहा कि विपक्ष की हताशा और निराशा साफ दिख रही है. सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ इस व्यापार समझौते की विस्तृत जानकारी संसद में देगी. विपक्ष बेवजह शोर मचा रहा है. जामकारी के मुताबिक, लगातार हो रहे हंगामे को देखते हुए स्पीकर ओम बिरला ने अपने कक्ष में कांग्रेस और भाजपा सांसदों के साथ बैठक की, ताकि सदन को सुचारू रूप से चलाया जा सके.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




