Bharat Express DD Free Dish

अमित शाह का ‘मिशन बंगाल’: आज भरेंगे हुंकार, परिवर्तन यात्रा के जरिए BJP का शक्ति प्रदर्शन

Amit Shah Bengal Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज दक्षिण 24 परगना के रायदिघी से BJP की ‘परिवर्तन यात्रा’ की शुरुआत कर रहे हैं. संदेशखाली और हावड़ा में भी दिग्गज भरेंगे हुंकार.

Amit Shah Bengal Visit

Amit Shah Bengal Visit: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की रणभेरी बज चुकी है. भारतीय जनता पार्टी के चाणक्य और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज बंगाल के चुनावी समर का औपचारिक शंखनाद करने जा रहे हैं. कार्यक्रम में आंशिक बदलाव के बाद, अमित शाह आज यानी 2 मार्च को दक्षिण 24 परगना के रायदिघी (भगवतीपुर) पहुंच रहे हैं, जहाँ वे भाजपा की महात्वाकांक्षी ‘परिवर्तन यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे.

अमित शाह का ‘दक्षिण 24 परगना’ मास्टरस्ट्रोक

अमित शाह ने अपने अभियान की शुरुआत के लिए दक्षिण 24 परगना जिले को चुना है, जिसे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और टीएमसी का अभेद्य किला माना जाता है. शाह दोपहर में रायदिघी में एक मेगा रैली को संबोधित करेंगे, जिसमें वह ममता सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार, महिलाओं की सुरक्षा और अवैध घुसपैठ जैसे मुद्दों पर ‘चार्जशीट’ पेश करेंगे. इस गढ़ में शाह की मौजूदगी यह संदेश देने के लिए है कि भाजपा इस बार बंगाल के सुदूर दक्षिण तक अपनी जड़ें मजबूत कर चुकी है.

‘चाणक्य’ का प्लान-2026

अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा ने इस बार अपनी रणनीति को जमीनी स्तर पर और भी आक्रामक बनाया है. शाह उन केंद्रीय योजनाओं पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं जिन्हें राज्य सरकार ने लागू नहीं किया है या जिनका नाम बदलकर श्रेय लेने की कोशिश की गई है. सूत्रों के मुताबिक, शाह इस यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं में जोश भरने के साथ-साथ चुनाव बाद होने वाली हिंसा को लेकर भी रणनीति की समीक्षा करेंगे. कयास हैं कि भाजपा चुनाव के बाद भी केंद्रीय बलों की लंबी तैनाती की मांग कर सकती है.

दिग्गज अमित शाह के साथ ये संभालेंगे मोर्चा

आज केवल अमित शाह ही नहीं, बल्कि भाजपा के कई अन्य दिग्गज भी राज्य के अलग-अलग हिस्सों से परिवर्तन यात्रा के अगले चरणों की शुरुआत करेंगे. रक्षा मंत्री आज हावड़ा के आमता में जनसभा के बाद यात्रा को रवाना करेंगे. केंद्रीय कृषि मंत्री संदेशखाली (उत्तर 24 परगना) से मोर्चा संभालेंगे, जो हाल के दिनों में महिला सुरक्षा के मुद्दे पर टीएमसी के लिए सिरदर्द बना रहा है. बर्धमान-बीरभूम क्षेत्र में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और ‘महागुरु’ मिथुन चक्रवर्ती एक साथ हुंकार भरेंगे. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आज उत्तर दिनाजपुर के इस्लामपुर से यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे.

ये भी पढ़ें: भारत वाले टारगेट पर तालिबान का हमला, अफगान सेना ने पाकिस्तान में मचाई तबाही

क्या है यात्रा का रोडमैप?

भाजपा की यह ‘परिवर्तन यात्रा’ महज एक रैली नहीं, बल्कि 2026 के लिए पार्टी का ‘रोडमैप’ है. यह यात्रा 5,000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करेगी और 294 में से 250 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेगी. इस भव्य अभियान का समापन 15 मार्च को कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होगा, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक विशाल रैली को संबोधित कर ‘मिशन बंगाल’ को नई ऊर्जा देंगे.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read