Bharat Express DD Free Dish

अलीगढ़: अस्पताल के बेड पर प्रेमी को मारी गोली, प्रेमिका के सिपाही भाइयों ने फिल्मी अंदाज में किया हमला

अलीगढ़ के मैरिस रोड स्थित एक निजी अस्पताल में फिल्मी अंदाज में हुई फायरिंग से दहशत फैल गई. घायल युवक वेदपाल, जो AMU छात्र नेता का भाई है, पर प्रेमिका के दो सिपाही भाइयों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं. पुलिस ने आरोपी भाइयों के पिता को हिरासत में ले लिया है और मुख्य आरोपियों की तलाश जारी है.

Aligarh Crime News, Renuka Hospital Firing, Uttar Pradesh

प्रकाश सिंह


Aligarh Hospital Firing: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है. यहाँ के एक निजी अस्पताल में भर्ती मरीज पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई. चौंकाने वाली बात यह है कि हमलावर कोई पेशेवर अपराधी नहीं, बल्कि पुलिसकर्मी हैं, जिन्होंने अपनी बहन के प्रेम प्रसंग से नाराज होकर इस खूनी खेल को अंजाम दिया. घटना के बाद पूरे जिले और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.

अस्पताल के वार्ड में खूनी खेल

घटना थाना क्वार्सी क्षेत्र के मैरिस रोड स्थित रेणुका हॉस्पिटल की है. यहाँ खैर कोतवाली क्षेत्र के गांव अहरौला निवासी वेदपाल अपने टूटे हुए हाथ का ऑपरेशन कराकर प्राइवेट वार्ड में भर्ती था. सोमवार की देर शाम, जब वेदपाल अपने बेड पर आराम कर रहा था, तभी दो हमलावर वार्ड में घुसे और सीधे उसके सिर में गोली मार दी. फायरिंग की आवाज से अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई. हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए.

शादी में ‘बखेड़ा’ बना वजह

एसएसपी अलीगढ़ नीरज जादौन के मुताबिक, घायल वेदपाल का मथुरा की रहने वाली एक युवती के साथ पिछले पांच सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. विवाद तब शुरू हुआ जब 3 फरवरी को लड़की की शादी थी. प्रेमी वेदपाल उस शादी में पहुंच गया और वहां जमकर हंगामा (बखेड़ा) खड़ा कर दिया.

लड़की के परिजनों ने उस वक्त वेदपाल की जमकर पिटाई की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया. मथुरा पुलिस ने उसे जेल भेज दिया था. करीब 15 दिन जेल में काटने के बाद वेदपाल जमानत पर बाहर आया था. मारपीट के दौरान उसके हाथ में गंभीर चोट आई थी, जिसका इलाज कराने के लिए वह अलीगढ़ के रेणुका हॉस्पिटल में भर्ती हुआ था.

वर्दीधारी भाई बने ‘कातिल’

इस मामले में सबसे गंभीर पहलू यह है कि हमलावर लड़की के सगे भाई हैं, जो उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात हैं. पुलिस जांच में सामने आया है कि भाइयों ने अपनी बहन की शादी में हुई बदनामी का बदला लेने के लिए वेदपाल को मारने की साजिश रची.

“घायल की पहचान वेदपाल के रूप में हुई है. वह AMU के एक छात्र नेता का भाई है. हमलावर पुलिसकर्मी हैं और उनकी पहचान कर ली गई है.” – नीरज जादौन, एसएसपी अलीगढ़

ये भी पढ़ें- यूपी में अंडों के खेल पर लगेगी लगाम! 1 अप्रैल से हर अंडे पर एक्सपायरी डेट की मुहर अनिवार्य

पिता हिरासत में, आरोपियों की तलाश तेज

वारदात की सूचना मिलते ही एसएसपी नीरज जादौन भारी पुलिस बल के साथ जवाहरलाल नेहरू (JN) मेडिकल कॉलेज पहुँचे, जहाँ वेदपाल को नाजुक हालत में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के अनुसार, गोली सिर में लगने के कारण उसकी स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है.

पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए लड़की के पिता को हिरासत में ले लिया है. पिता भी यूपी पुलिस में ड्राइवर के पद पर बागपत में तैनात हैं. पुलिस अब उन दोनों सिपाही भाइयों की तलाश में दबिश दे रही है जिन्होंने कानून के रक्षक होते हुए भी कानून को अपने हाथ में लिया.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read